Hanuman Jayanti 2026: हिंदू धर्म में भगवान हनुमान को कलियुग का देवता माना जाता है और ऐसी मान्यता है कि आज भी भगवान हनुमान इस पृथ्वी पर सशरीर निवास करते हैं। हिंदू पंचांग के अनुसार, हर वर्ष चैत्र माह की पूर्णिमा तिथि पर भगवान राम के सबसे प्रिय और परम भक्त हनुमान जी का जन्मोत्सव बड़े ही धूम-धाम के साथ मनाया जाता है। इस वर्ष हनुमान जयंती 2 अप्रैल, गुरुवार के दिन मनाई जाएगी। आइए जानते हैं हनुमान जन्मोत्सव की तिथि, मुहूर्त और महत्व।
हनुमान जन्मोत्सव 2026 तिथि
हिंदू पंचांग के अनुसार, चैत्र माह की पूर्णिमा तिथि की शुरुआत 01 अप्रैल 2026 को सुबह 07 बजकर 06 मिनट से शुरू होगी और इस तिथि का समापन 02 अप्रैल को सुबह 07 बजकर 41 मिनट तक रहेगा। लेकिन उदया तिथि के आधार पर हनुमान जन्मोत्सव का पर्व 02 अप्रैल 2026 को मनाया जाएगा।
हनुमान जन्मोत्सव शुभ मुहूर्त
हनुमान जन्मोत्सव पर पूजा करने के लिए सबसे अच्छा और उत्तम समय 02 अप्रैल को सूर्योदय से लेकर 07 बजकर 41 मिनट तक रहेगा। क्योंकि इसी समय तक पूर्णिमा तिथि रहेगी। ऐसे में भक्त अपनी श्रद्धा के अनुसार हनुमान जी पूजा-अर्चना कर सकते हैं। हनुमान जन्मोत्सव पर हनुमान चालीसा, मंत्रों का जाप, सुंदरकांड करना बहुत ही शुभ फलदायी माना जाता है।
हनुमान जयंती 2026 और पूजा विधि
हनुमान जयंती पर सबसे पहले सुबह जल्दी उठकर स्नान करके और साफ-सुथरे कपड़े पहनें। इसके बाद घर या अपने आसपास बने मंदिर में हनुमान जी की पूजा आरंभ करें। सबसे हनुमान जी को प्रणाम करते हुए सिंदूर, चमेली का तेल, लाल फूल और तुलसी अर्पित करें। फिर इसके बाद भोग में बेसन के लड्डू और गुड़ चने का भोग लगाएं। फिर घी का दीपक जलाकर हनुमान चालीसा और सुंदरकांड का पाठ करें। इससे हनुमान जी प्रसन्न रहेंगे।