नवरात्र के अवसर पर देवी मंदिरों में सुबह से ही लग गई भक्तों की भीड़
- फोटो : अमर उजाला
शारदीय नवरात्र के अवसर पर शनिवार को कानपुर के देवी मंदिरों में मां के दर्शन के लिये सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लग गया। जयकारों, देवी गीतों से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। बारादेवी, तपेश्वरी देवी, उजियारी देवी आदि दुर्गा मंदिरों में पहले दिन मां शैलपुत्री के दर्शन-पूजन के बाद भक्तों ने नारियल तथा प्रसाद चढ़ाकर मनोवांछित फल की कामना की। भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने अपनी चुस्ती दिखाते हुए अपनी चौकस व्यवस्थायें कर रखी थीं। जूही स्थित बारादेवी मंदिर में सुबह साढ़े तीन बजे से ही मंदिर के कपाट खोल दिये गये थे। इस मंदिर की चर्चा पूरे उत्तर प्रदेश में है क्योंकि यह वही मंदिर है जहां नवरात्र में जवारे निकाले जाते हैं। भक्त मां की शक्ति का एहसास करते हुए नुकीले सांग अपने गालों से आर-पार कर मां के प्रति अपनी श्रद्धा जताते हैं। इसके अलावा घाटमपुर स्थित मां कूष्मांडा के मंदिर में भी श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में पहुंचकर देवी मां के दर्शन किये।