गांधीजी के कहने पर 1920 में वे आजादी की लड़ाई में कूद पड़े- फाइल फोटो
- फोटो : social media
तत्कालीन समय और परिस्थितियों की मांग को देख गांधीजी के कहने पर 1920 में वे आजादी की लड़ाई में कूद पड़े। आंदोलन का केंद्र बिहार रहा। बक्सर के सिमरी और गाजीपुर के विश्वम्भरपुर गांव में रहकर उन्होंने आजादी की लौ को गांवों-किसानों तक पहुंचाया।
फिर बिहटा के पास सीताराम आश्रम स्थापित कर असहयोग आंदोलन से लेकर भारत छोड़ो आंदोलन तक में भाग लिया। इस दौरान गाजीपुर, वाराणसी, आजमगढ़, फैजाबाद और लखनऊ जेल उनका ठिकाना बना। कुछ समय पटना के बांकीपुर जेल और लगभग दो साल हजारीबाग केन्द्रीय कारा में सश्रम कारावास की सजा झेली।
लेकिन कारावास के दौरान गांधीजी के सुविधाभोगी चेलों की करतूतों को निकट से देखने और गांधीजी का जमींदारों के प्रति नरम रुख को देख बिदक गये। पटना में गांधीजी से भूकंप राहत के दौरान किसानों को मालगुजारी में राहत दिलाने की बात पर उनकी अनबन हो गयी।
एक झटके में ही आंदोलन से अलग होकर किसानों के लिए जीने और मरने का संकल्प ले लिया। यह सन 1934 की बात है।स्वामीजी का जीवन फिर से करवट लेता है। वे अब किसानों की भलाई औऱ उनको शोषण से मुक्ति दिलाने के लिए अपने आप को समर्पित कर देते हैं। फिर तो किसान आंदोलन ने जैसा जोर पकड़ा, भारत का इतिहास उसका गवाह है। किसान आंदोलन के दौरान भी कई तरह के कड़वे अनुभवों से उन्हें दो-चार होना पड़ा।
स्वामीजी ने देखा कि बड़ी संख्या में लघु-सीमांत किसान अपनी ही जाति के जमींदारों के शोषण और दोहन के शिकार हैं। उनकी स्थिति गुलामों से भी बदतर है। विद्रोही सहजानंद ने अपनी ही जाति के जमींदारों के खिलाफ ‘लठ’ उठा ली और आर-पार की लड़ाई शुरू कर दी। उन्होंने देशभर में घूम घूमकर किसानों की रैलियां की।
स्वामीजी के नेतृत्व में सन् 1936 से लेकर 1939 तक बिहार में कई लड़ाईयां किसानों ने लड़ीं। इस दौरान जमींदारों और सरकार के साथ उनकी छोटी-मोटी सैकड़ों भिड़न्तें भी हुई। उनमें बड़हिया, रेवड़ा और मझियावां के बकाश्त सत्याग्रह ऐतिहासिक हैं।
इस कारण बिहार के किसान सभा की पूरे देश में प्रसिद्धि हुई। दस्तावेज बताते हैं कि स्वामीजी की किसान सभाओं में जुटने वाली भीड़ तब कांग्रेस की रैलियों से ज्यादा होती थी। किसान सभा की लोकप्रियता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि 1935 में इसके सदस्यों की संख्या अस्सी हजार थी जो 1938 में बढ़कर दो लाख पचास हजार हो गयी।
आज देश में किसानों की जो स्थिति है, यह किसी से छिपी हुई नहीं है- सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : पीटीआई
इतिहास साक्षी है कि सहजानंद सरस्वती ने ही भारत में पहली बार किसानों का संगठित आंदोलन शुरू किया और उसे अखिल भारतीय स्वरुप दिया। कालांतर में वहीं किसान आंदोलन बिहार में जमींदारी प्रथा के उन्मूलन का आधार बना।
स्वामीजी ने नारा दिया था, जो किसान आंदोलन के दौरान चर्चित हुआ-
‘’जो अन्न-वस्त्र उपजाएगा, अब सो कानून बनाएगा।
यह भारतवर्ष उसी का है, अब शासन भी वहीं चलाएगा’’।।
किसान आंदोलन में मन प्राण से जुटे स्वामी सहजानंद की नेताजी सुभाषचंद्र बोस से निकटता रही। दोनों ने साथ मिलकर समझौता विरोधी कई रैलियां की। स्वामीजी फारवॉर्ड ब्लॉक से भी निकट रहे। एक बार जब स्वामीजी की गिरफ्तारी हुई तो नेताजी ने 28 अप्रैल को ऑल इंडिया स्वामी सहजानंद डे घोषित कर दिया।
सीपीआई जैसी वामपंथी पार्टियां भी स्वामीजी को वैचारिक दृष्टि से अपने करीब मानती रही। यह स्वामीजी का प्रभामंडल ही था कि तब के समाजवादी और कांग्रेस के पुराने शीर्ष नेता मसलन, एमजी रंगा, ई एम एस नंबूदरीपाद, पंडित कार्यानंद शर्मा, पंडित यमुनाकार्यी, आचार्य नरेन्द्र देव, राहुल सांकृत्यायन, राम मनोहर लोहिया, जयप्रकाश नारायण, पंडित यदुनंदन शर्मा, पी सुंदरैया, भीष्म साहनी, बाबा नागार्जुन, बंकिमचंद्र मुखर्जी जैसे तब के नामी चेहरे किसान सभा से जुड़े थे।
स्वामी जी उस दौर में असहमतियों की आवाज थे। जहां भी गलत देखा तुरंत विद्रोह पर उतारु हो गये। परिणाम की चिंता नहीं की। आज का समय दूसरा है। अब असहमति को विरोध के तौर पर तो देखा जाता है। लेकिन विद्रोह कहीं दिखता नहीं।
समय ने ऐसा सुविधाभोगी समाज खड़ा कर दिया है, जहां विचारों-सिद्धांतों की हर रोज बलि चढ़ती है और हम मूकदर्शक बने निहार रहे हैं। व्यक्तिगत लाभ-हानि की चिंता से आतुर समाज के सामने स्वामी सहजानंद एक दीप-स्तंभ की तरह हैं, लेकिन हम उनसे रौशनी लेने को तैयार नहीं हैं। हम जयंती और पुण्यतिथि की औपचारिकता निभाकर ही अपने कर्तव्यों की इतिश्री समझ लेते हैं। सवाल है कि क्या हम स्वामीजी के अनुयायी कहलाने के हकदार हैं। ये आत्मचिंतन का विषय है।
आज देश में किसानों की जो स्थिति है, यह किसी से छिपी हुई नहीं है। किसानी का धंधा घाटे का सौदा हो गया है। कल्पना करिए कि आज स्वामी जी होते तो क्या चुप बैठते? नहीं, वे सत्ता में बैठे हुक्मरानों की नींद हराम कर दिये होते। उनके जीते-जी किसानों की ये स्थिति नहीं होती।
अब तो देश में कहीं भी किसान आंदोलन की गूंज सुनाई नहीं पड़ती। कहीं छोटे-मोटे आंदोलन होते हैं तो वे भी खाद-बीज, समर्थन मूल्य और कहीं-कहीं भूमि अधिग्रहण जैसे सवालों के इर्द-गिर्द सिमटे रहते हैं। सच पूछिए तो स्वामीजी के महाप्रयाण करने के साथ ही न केवल संगठित किसान आंदोलन का सूरज अस्त हुआ बल्कि उनका सबसे बड़ा रहनुमा भी चला गया, जो किसानों को केवल हक नहीं, बल्कि उनके हाथों में शासन की बागडोर सौंपने का हिमायती था।