क्रिसमस ईसाई धर्म का सबसे प्रमुख त्योहार है, जिसे हर वर्ष 25 दिसंबर को पूरी दुनिया में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाता है। यह पर्व प्रेम, करुणा, शांति और मानवता का संदेश देता है। भारत में भी क्रिसमस केवल ईसाई समुदाय तक सीमित नहीं है, बल्कि सभी धर्मों के लोग इस दिन खुशियां बांटते हैं। घरों और चर्चों को सजाया जाता है, रोशनी की जाती है और लोग एक-दूसरे को शुभकामनाएं देते हैं।
25 दिसंबर को ही क्रिसमस क्यों मनाया जाता है
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, 25 दिसंबर को ईसा मसीह (यीशु मसीह) का जन्म हुआ था। ईसा मसीह को ईसाई धर्म में ईश्वर का पुत्र माना जाता है, जिन्होंने संसार को प्रेम, क्षमा, सेवा और त्याग का मार्ग दिखाया। बाइबिल के अनुसार उनका जन्म बेथलेहम में हुआ था।
क्रिसमस से जुड़ी परंपराएं
क्रिसमस के दिन लोग चर्च जाकर विशेष प्रार्थनाएँ करते हैं और प्रभु यीशु के जीवन व उपदेशों को याद करते हैं। घरों में क्रिसमस ट्री सजाया जाता है, कैरोल गाए जाते हैं और केक काटे जाते हैं। बच्चों के बीच सांता क्लॉज खुशी और उपहारों का प्रतीक माने जाते हैं। यह पर्व जरूरतमंदों की सहायता और दान-पुण्य के लिए भी प्रेरित करता है। क्रिसमस पर दोस्तों और मित्रों को क्या गिफ्ट देना चाहिए।
चॉकलेट, केक और कुकीज
क्रिसमस पर चॉकलेट, प्लम केक और कुकीज़ देना सबसे पारंपरिक और लोकप्रिय गिफ्ट माना जाता है। खासतौर पर घर पर बना केक या कुकीज़ दोस्ती में मिठास घोल देते हैं और अपनापन दर्शाते हैं।
हैंडमेड गिफ्ट
खुद के हाथ से बनाया गया ग्रीटिंग कार्ड, फोटो फ्रेम या कोई क्रिएटिव आइटम भावनात्मक रूप से बहुत खास होता है। ऐसे उपहार यह दर्शाते हैं कि आपने अपने दोस्त के लिए समय और मेहनत लगाई है।
किताबें
किताबें एक सशक्त और अर्थपूर्ण उपहार मानी जाती हैं। मोटिवेशनल, आध्यात्मिक या दोस्त की रुचि से जुड़ी पुस्तक न केवल ज्ञान बढ़ाती है, बल्कि लंबे समय तक यादगार भी रहती है।
सेंटेड कैंडल और डेकोरेशन आइटम
सुगंधित मोमबत्तियाँ, शोपीस और क्रिसमस थीम वाले डेकोरेशन आइटम घर के माहौल को खुशनुमा बनाते हैं। ये गिफ्ट त्योहार की भावना को और खास बना देते हैं।
पर्सनलाइज्ड गिफ्ट
नाम या फोटो वाले मग, कुशन, डायरी, की-चेन जैसे पर्सनलाइज्ड गिफ्ट आजकल काफी पसंद किए जाते हैं। ये उपहार सामने वाले को खास होने का एहसास कराते हैं।
बच्चों के लिए विशेष गिफ्ट
यदि दोस्त के घर बच्चे हैं, तो उनके लिए खिलौने, स्टोरी बुक्स, ड्राइंग या पेंटिंग किट देना बेहद अच्छा विकल्प माना जाता है, जिससे बच्चों की खुशी दोगुनी हो जाती है।