प्रचलित कथा
पौराणिक कथाओं के अनुसार, जिस दिन भगवान गणेश का सिर धड़ से अलग किया गया था, उस दौरान उनका सिर सीधे चंद्रलोक में चला गया था। मान्यता है कि आज भी उनका सिर चंद्रलोक में मौजूद है। चूंकि गणपति को यह वरदान मिला था कि किसी भी पूजा और काम की शुरुआत से पहले उनकी पूजा की जाएगी, इसलिए करवाचौथ वाले दिन भी सबसे पहले भगवान गणेश की पूजा होती है। करवा चौथ वाले दिन भगवान गणेश, शिव-पार्वती और कार्तिकेय की पूजा भी की जाती हैं। मां पार्वती की पूजा के पीछे भी एक कहानी चलन में है कि माता पार्वती ने कठिन तपस्या कर भगवान शिव को पाया था और उन्हें अखंड सौभाग्यवती होने का वरदान मिला था। इसलिए करवा चौथ के दिन अखंड सौभाग्य का आर्शीवाद पाने के लिए महिलाएं मां पार्वती की पूजा करती हैं और उपवास रखती हैं।