हमीरपुर जिला एनआईटी के पास जीप और बाइक की टक्कर में बाइक सवार की मौत हो गई। बाइक पर सवार एक अन्य युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया है। इसे उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
पुलिस ने मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार शिवराज ठाकुर (17) पुत्र अजय कुमार निवासी ककरू, डाकघर चौकी जंबाला, हमीरपुर बाइक पर सवार होकर अणु से गरने दा गलू की तरफ जा रहा था। बाइक पर मुकेश कुमार निवासी नादौन भी सवार था।
एनआईटी गेट के पास विपरीत दिशा से आ रही जीप के साथ बाइक की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। दोनों युवक बाइक से हवा में गोता खाते हुए पक्की सड़क पर जा गिरे।
जीप चालक ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने शिवराज ठाकुर को मृत घोषित कर दिया। जबकि, गंभीर घायल मुकेश कुमार को अस्पताल में भर्ती कर लिया गया है।
उधर, एसपी अजय बौद्ध का कहना है कि पुलिस ने पोस्टमार्टम करवा लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव अंतिम संस्कार को परिजनों को सौंप दिया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।