जिला परिषद सदस्य खुश विक्रम सेन भी करेंगे मदद संवाद न्यूज एजेंसी जुन्गा (शिमला)। प्रथम पुलिस सशस्त्र वाहिनी जुन्गा में 27 जुलाई से पुलिस भर्ती की निशुल्क कोचिंग शुरू होगी। इसमें आने वाले अभ्यर्थियों को जिला परिषद सदस्य खुश विक्रम सेन निशुल्क आवास उपलब्ध करवाएंगे। कोचिंग के लिए पंजीकृत अभ्यर्थियों की संख्या 590 से बढ़कर 615 हो गई है। इनमें 414 पुरुष और 201 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं। कमांडेंट ने बताया कि 26 जुलाई को सभी अभ्यर्थियों का पंजीकरण होगा और 27 जुलाई से प्रशिक्षण शुरू होगा।
खुश विक्रम सेन ने पुलिस विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के अनेक प्रतिभाशाली युवा आर्थिक तंगी के कारण निजी संस्थानों में कोचिंग नहीं ले पाते। ऐसे में पुलिस विभाग द्वारा शुरू की यह निशुल्क कोचिंग योजना विशेष रूप से गरीब और जरूरतमंद युवाओं के लिए लाभदायक सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि एक माह तक चलने वाले इस प्रशिक्षण शिविर में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी हिस्सा ले रहे हैं और सभी के लिए पुलिस बटालियन परिसर में पर्याप्त आवास व्यवस्था उपलब्ध नहीं है। ऐसे में वह पुलिस विभाग को हरसंभव सहयोग देंगे ताकि सभी अभ्यर्थियों को रहने की बेहतर सुविधा मिल सके। प्रथम पुलिस सशस्त्र वाहिनी जुन्गा के कमांडेंट भूपेंद्र नेगी ने युवाओं के लिए निशुल्क आवास उपलब्ध कराने की घोषणा पर जिला परिषद सदस्य खुश विक्रम सेन का आभार व्यक्त किया। अभ्यर्थियों को पुलिस विभाग भोजन भी निशुल्क उपलब्ध करवाएगा। सरकार के निर्देशानुसार प्रशिक्षण के दौरान अभ्यर्थियों को पुलिस भर्ती प्रक्रिया, पात्रता शर्तों, शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी), शारीरिक मानक परीक्षा (पीएसटी), लिखित परीक्षा की तैयारी, व्यक्तित्व विकास, अनुशासन तथा पुलिस सेवा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों का व्यापक प्रशिक्षण दिया जाएगा।