सोलन से शिमला आ रही बस की ली तलाशी
नशे के स्रोत का पता लगाने में जुटी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। पुलिस ने शोघी चौकी के पास बस की तलाशी के दौरान युवक से करीब 12 ग्राम चिट्टा बरामद किया। आरोपी की पहचान रमन हिमालवी निवासी ठियोग के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार छह अक्तूबर को स्पेशल सेल को सूचना मिली थी कि सोलन से शिमला आ रही बस में आरोपी चिट्टा लेकर आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने शोघी चौकी के समीप बस को रोककर तलाशी ली। इस दौरान युवक से करीब 12 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर थाना बालूगंज में प्राथमिकी दर्ज की गई।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने नशा किससे खरीदा था और इसकी आपूर्ति का नेटवर्क कहां तक फैला है। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद पुलिस रिमांड मिलने पर आगे की जांच की जाएगी।
जिला पुलिस नशे की तस्करी की कड़ी तोड़ने के लिए शोघी समेत जिले की सीमाओं पर लगातार निगरानी और तलाशी अभियान चला रही है। एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि नशा तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। प्रत्येक मामले में बैकवर्ड लिंकेज खंगाले जा रहे हैं।