पुलिस थाना डमटाल के अंतर्गत भदरोया-डमटाल लिंक रोड पर सड़क किनारे एक युवक का अज्ञात शव संदिग्ध अवस्था में मिला। आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत नशे की ओवरडोज से हुई है। फिर भी मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
डीएसपी नूरपुर डॉ. साहिल अरोड़ा ने बताया कि सोमवार सुबह थाना डमटाल में किसी ने फोन पर सूचना दी कि भदरोया से पुराना डमटाल की ओर जाने वाले लिंक रोड के किनारे किसी व्यक्ति का शव पड़ा है। सूचना पर वह डमटाल थाना पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लिया। उन्होंने बताया कि मृतक युवक की उम्र 25 से 30 वर्ष के बीच लग रही है।
शव के पास ऐसा कोई दस्तावेज नहीं मिला है, जिससे युवक की पहचान की जा सके। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल नूरपुर भेज दिया है। शव की पहचान न होने के कारण इसे शव गृह नूरपुर में 72 घंटे के लिए रखा जाएगा। आसपास की पुलिस चौकियों और थानों को भी सूचित कर दिया गया है। डीएसपी ने बताया कि युवक की मौत किस कारण हुई है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।