येलो लाइन लगाने के लिए हिमुडा से एनओसी लेने की शर्त हटी, नगर निगम अब सभी सड़कों पर लगा सकेगा येलो लाइन
हिमुडा की कंगनाधार में बनाई नई पार्किंग भी नगर निगम को ही मिलेगी
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी में बनी सभी हिमुडा काॅलोनियों के भीतर नगर निगम अब सड़कों पर येलो लाइन लगाकर लोगों को पार्किंग सुविधा दे सकेगा। यही नहीं हिमुडा की बनाई पार्किंग भी नगर निगम को ही मिलेगी। इस बारे में सरकार ने दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। इन निर्देशों के बाद नगर निगम ही अब इन काॅलोनियों में लोगों के लिए पार्किंग सुविधा देगा।
शहर के न्यू शिमला, पटयोग, कंगनाधार, विकासनगर, कसुम्पटी, छोटा शिमला समेत आठ से ज्यादा वार्डाें में हिमुडा की बनाई कई बड़ी रिहायशी काॅलोनियां हैं। रिहायशी मकानों का निर्माण करने के बाद हिमुडा ने समय-समय पर इन्हें नगर निगम को तो सौंप दिया, लेकिन यहां अब भी नए कामों के लिए हिमुडा से एनओसी लेनी पड़ती है। नगर निगम ने पांच साल पहले शहर के सभी वार्डाें में लोगों को पार्किंग सुविधा देने के लिए सड़क किनारे येलो लाइन लगाई थी। हिमुडा काॅलोनियों में भी इसका काम शुरू किया गया, लेकिन इस पर विवाद हो गया। हिमुडा और स्थानीय रेजीडेंट वेलफेयर एसोसिएशन का दावा था कि नगर निगम बिना एनओसी के इन काॅलोनियों में कोई काम नहीं कर सकता। येलो लाइन लगाने के लिए भी निगम को एनओसी लेनी होगी। इस विवाद के बाद निगम ने सरकार को इस बारे में प्रस्ताव भेजा था।
कंगनाधार पार्किंग भी निगम को मिलेगी
सरकार ने हाल ही में पार्किंग को लेकर दिशा निर्देश जारी किए हैं। नगर निगम के अनुसार हिमुडा काॅलोनियों में अब येलो लाइन लगाई जा सकेगी। जल्द ही इसका काम शुरू किया जाएगा। इसके अलावा कंगनाधार में हाल ही में हिमुडा ने बड़ी पार्किंग तैयार की है। इसे भी अब जल्द नगर निगम को सौंपना होगा। सरकार ने स्पष्ट किया है कि शहर में एक ही विभाग पार्किंग का संचालन करेगा। इस पार्किंग को लेकर काफी विवाद था। स्थानीय लोग मांग कर रहे थे कि सभी को इसमें पार्किंग सुविधा मिलनी चाहिए। वहीं, हिमुडा अलॉटीज का दावा था कि इस पर स्थानीय लोगों का कोई अधिकार नहीं है। हिमुडा काॅलोनियों के लोग ही इनमें गाड़ी खड़ी करेंगे। नगर निगम आयुक्त भूपेंद्र अत्री ने कहा कि सरकार से मिले दिशानिर्देश के बाद हिमुडा काॅलोनियों में बनी सड़कों पर भी निगम येलो लाइन लगा सकेगा। कंगनाधार पार्किंग भी नगर निगम को मिलेगी।
इनसेट
पार्क-पार्किंग के लिए लगेगी एनओसी
नगर निगम हिमुडा काॅलोनियों के भीतर खाली पड़ी जमीनों पर पार्क, पार्किंग जैसी सुविधाएं भी दे सकेगा। हालांकि इसके लिए हिमुडा से एनओसी लेनी होगी। साथ ही हिमुडा की ओर से बनाए गए प्लान के अनुसार ही काम करना होगा।