शिमला। हिमाचल प्रदेश गदर फ्रंट के शिमला के संयोजक ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करने के लिए पत्र लिखकर अनुमति देने का आग्रह किया है। संयोजक रवि कुमार ने राष्ट्रपति को भेजे पत्र में कहा है कि इस मुलाकात के दौरान वे हिमाचल प्रदेश में पिछले एक वर्ष में दलितों वर्ग पर हुए अत्याचारों और अपराध से अवगत करवाना चाहते हैं। उन्होंने लिखा है कि राष्ट्रपति के दलित-आदिवासी समाज के प्रति संवेदनशीलता को जानते हुए उम्मीद जताई है कि वे उन्हें मुलाकात करने का समय देंगी। रवि कुमार ने कहा कि प्रदेश में दलित वर्ग के लोगों के साथ छुआछूत की मानसिकता के कारण भेदभाव जारी है। दलितों को मंदिर प्रवेश से रोकने जैसी घटनाएं, हत्या की घटनाएं भी हुई हैं। उन्होंने कहा कि पूरी उम्मीद है कि उन्हें राष्ट्रपति भवन में व्यक्तिगत मुलाकात का समय मिलेगा।