शिमला। शहर के साथ लगते लॉन्गवुड क्षेत्र में रविवार शाम करीब 5:30 बजे अचानक आग भड़क गई। यहां ग्रीन गेट में नगर निगम के अधिकारी आवास भी बने हैं। देखते-देखते घास में भड़की आग में विकराल रूप ले लिया। सूचना मिलते ही नगर निगम के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। दमकल की टीम को भी सूचना दी गई। हालांकि तंग रास्ते के कारण दमकल की गाड़ी मौके तक नहीं पहुंच पाई। दमकल की टीम में मौके पर हाइड्रेंट के जरिए भी पानी से आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन यह हाइड्रेंट नहीं चला। इसके बाद स्थानीय लोगों और कर्मचारियों ने खुद ही आग बुझाई। करीब एक घंटे बाद आग पर काबू पाया गया। बताया जा रहा है कि यहां एक ढारे के पास रखी घास में आग लग गई थी। इससे साथ लगते नगर निगम के आवास को भी खतरा पैदा हो गया था। फिलहाल किसी तरह की जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।