सैनिक सामान्य ड्यूटी के पदों की भर्ती के लिए हमीरपुर, बिलासपुर और ऊना जिले के युवाओं की लिखित परीक्षा एक नवंबर को हमीरपुर के अणु खेल स्टेडियम में होगी। सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर के निदेशक कर्नल संजीव कुमार त्यागी ने कहा कि इस परीक्षा के उम्मीदवारों को पुराने एडमिट कार्ड के साथ ही प्रवेश मिलेगा तथा परीक्षा से पहले उन्हें पुराने कार्ड के बदले मौके पर ही नया एडमिट कार्ड दिया जाएगा।
नया एडमिट कार्ड एक नवंबर को सुबह 3 बजे से प्राप्त किया जा सकेगा। कर्नल संजीव कुमार त्यागी ने कहा कि परीक्षा के दौरान कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं तथा सभी उम्मीदवारों को विशेष सावधानी बरतनी होगी। उनके लिए मास्क का प्रयोग और आपस में कम से कम दो गज की दूरी अनिवार्य होगी।
उन्हें हाथों की सफाई और सैनिटाइजर का प्रयोग भी सुनिश्चित करना होगा। निदेशक ने सभी उम्मीदवारों से अपील की है कि वे लिखित परीक्षा के संबंध में किसी भी व्यक्ति के झांसे में न आएं तथा सोशल मीडिया में किसी भी तरह की फर्जी खबरों से भी सावधान रहें। बता दें कि पूर्व में कोरोना वायरस के कारण यह लिखित परीक्षा तीन बार स्थगित हो गई थी। अब परीक्षा एक नवंबर को रखी गई है।