क्योंथल क्षेत्र में पारंपरिक तरीके से मनाई महाशिवरात्रि पर्व
दीवारों पर चित्र, आटे से नंदी, बकरे और भेड़ू बनाए
कचौरी, सिडडू, पूड़े और दाल-चावल परोसे
विवाहित बेटियों और बहनों को भेजी बासी
संवाद न्यूज एजेंसी
जुन्गा(शिमला)। राजधानी से सटे क्योंथल क्षेत्र में महाशिवरात्रि पारंपरिक तरीके से मनाई गई। ऊपरी शिमला के साथ-साथ क्षेत्र में भी महाशिवरात्रि को बड़े त्योहार के रूप में मनाया गया।
आमतौर पर महाशिवरात्रि पर शिवालयों में शिवलिंग का अभिषेक किया गया, लेकिन क्योंथल क्षेत्र में लोगों ने आटे के रोटए पाजा, धतूरा से तैयार चंदूए की पूजा की। पूजा के लिए घरों को विशेष रूप से सजाया गया। कई गांवों में घर की एक दीवार पर शिव और पार्वती के विवाह के चित्र बनाए गए। मंडप को आकर्षक ढंग से सजाया गया। मंडप पर आटे के रोट से नंदी बैल, बकरे और भेड़ू बनाए गए।
मंडप पर सबसे आकर्षक चंदूआ रहा। इसे शिव-पार्वती विवाह के लिए पाजा, बिल्वपत्र और भांग-धतूरा से तैयार किया गया। शिमला के ग्रामीण इलाकों में मिट्टी के महादेव, पार्वती और गणेश बनाने की परंपरा का भी पालन किया गया। रात्रि के समय इनकी विधिवत पूजा की गई। मंडप पर विशेष पकवानों में कचौरी, उड़द के सनशे, दाल-चावल, सिडडू, पूड़े और फल भगवान के समक्ष परोसे गए।
रात्रि पूजा के दौरान परिवार के सदस्यों ने कड़छी में आग लेकर उसमें देसी घी के साथ पाजा और बिल्वपत्र डालकर रोट और चंदूए की विशेष पूजा की। जिन लोगों का व्रत था, उन्होंने पूजा के बाद भोजन किया। कई घरों में रात्रि जागरण भी किया गया और पूरे परिवार ने एक साथ भोजन किया।
शहरों से गांव लौटे लोग
इस पर्व को मनाने के लिए शहरों में काम कर रहे लोग गांव लौटे और पूरे परिवार ने एकसाथ महाशिवरात्रि मनाई। धरेच के शिव राम शर्मा और पीरन के दयाराम वर्मा ने बताया कि शिमला ग्रामीण क्षेत्र में महाशिवरात्रि सबसे बड़े त्योहार के रूप में मनाई गई। इस मौके पर शिव-पार्वती विवाह की रस्में आदिकाल से चली आ रही परंपरा के अनुसार निभाई गईं।
महाशिवरात्रि के अगले दिन पक्षियों के जागने से पहले सुबह के अंधेरे में चंदूआ घर के बाहर टांगा गया। इसके बाद विवाहित बहनों और बेटियों को विशेष भोजन यानी कचौरी ले जाने की परंपरा भी निभाई गई, जिसे स्थानीय भाषा में बासी कहा जाता है।