शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला के गणित एवं सांख्यिकी विभाग ने क्वांटम कंप्यूटिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन कुलपति कार्यालय के समिति कक्ष में किया। कार्यशाला में 100 से अधिक प्रतिभागियों ने पंजीकरण करवाया है जिनमें विभिन्न विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों के अध्यापक एवं शोधार्थी शामिल हैं। कार्यशाला में विशेषज्ञ वक्ताओं ने क्वांटम कंप्यूटिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के भविष्य, उनके शैक्षणिक और औद्योगिक उपयोगों पर चर्चा की गई। उद्घाटन समारोह में अतिथि प्रो. जोगिंदर सिंह धीमान ने कहा कि संगणनात्मक विज्ञान आज के युग का सबसे तीव्र गति से विकसित होता क्षेत्र है। उन्होंने बताया कि यह विश्वविद्यालय में क्वांटम कंप्यूटिंग पर आयोजित पहली कार्यशाला है, जो एक ऐतिहासिक पहल है। कार्यशाला में अनुसंधान एवं विकास प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. नैंजीत सिंह ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को ऐसे उन्नत क्षेत्रों में शोध की संभावनाओं को तलाशने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर प्रो. मनु सूद, प्रो. प्रदीप कुमार उपस्थित रहे। संवाद