शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के सभागार में शुक्रवार को विद्यार्थियों को अंगदान का महत्व बताया गया और अंगदान को लेकर व्याप्त भ्रांतियों को दूर करने के लिए जागरुकता शिविर लगाया गया। विवि के अधिष्ठाता छात्र कल्याण, मुख्य छात्रपाल कार्यालय, रोटरी क्लब शिमला और राज्य अंग एवं ऊतक रोपण संगठन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित शिविर में विवि प्रति कुलपति प्रो. राजिंद्र वर्मा मुख्यातिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने जागरुकता कार्यक्रम को लेकर बधाई दी। उन्होंने अंगदान के महत्व पर प्रकाश डाला। कहा कि यदि एक व्यक्ति का किया गया अंगदान दूसरे को जीवन प्रदान करने के साथ उसके जीवन को सुगम और आसान बना सकता है। डॉ. पुनीत महाजन, शल्य चिकित्सक, नोडल ऑफिसर हिमाचल प्रदेश, इंदिरा गांधी मेडिकल महाविद्यालय शिमला ने अंगदान के विषय पर प्रजेंटेशन देकर जानकारी दी।