संशोधित समाचार
...........................
अतुल ने 5 घंटे 9 मिनट 25 सेकंड में पूरी की रेस, शिमला के वंश कालिया तीसरे स्थान पर रहे
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। 13वीं एमटीबी शिमला साइकिलिंग प्रतियोगिता का रविवार को समापन हो गया। आयोजकों ने देर शाम प्रतियोगिता के दोनों चरणों के संयुक्त परिणाम घोषित कर दिए। प्रतियोगिता में धर्मशाला के अतुल कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। अतुल ने दोनों चरणों की रेस 5 घंटे 9 मिनट 25 सेकंड में पूरी कर पहला स्थान हासिल किया। वहीं देहरादून के आयुष नेगी 5 घंटे 14 मिनट 49 सेकंड के समय के साथ दूसरे, जबकि शिमला के वंश कालिया 5 घंटे 18 मिनट 5 सेकंड में रेस पूरी कर तीसरे स्थान पर रहे।
आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता तीन दिनों तक चली। प्रतियोगिता में कुल 52 साइकिलिस्टों ने रेस पूरी की। प्रतियोगिता में ओपन मेन, अंडर-19 बॉयज, अंडर-16 बॉयज, मास्टर्स मेन और महिला वर्ग में मुकाबले हुए। इसमें ओपन मेन वर्ग में धर्मशाला के अतुल कुमार ने पहला स्थान हासिल किया। देहरादून के आयुष नेगी दूसरे और शिमला के वंश कालिया तीसरे स्थान पर रहे। दिल्ली के शिवेश बिष्ट चौथे, चियोग के दिव्यांश कौशल पांचवें और कांगड़ा के अथर्व परमार छठे स्थान पर रहे। शिमला के अतुल चौहान सातवें स्थान पर रहे। इसी तरह अंडर-19 बॉयज वर्ग में चंडीगढ़ के अर्नव ने 6 घंटे 19 सेकंड में रेस पूरी कर पहला स्थान हासिल किया। शिमला के पुनीत ठाकुर 6 घंटे 6 मिनट 51 सेकंड के समय के साथ दूसरे और धर्मशाला के अर्नव चौहान 6 घंटे 19 मिनट 50 सेकंड के साथ तीसरे स्थान पर रहे। शिमला के अधिरथ सिंह वालिया चौथे स्थान पर रहे।
अंडर-16 बॉयज वर्ग में शिमला के सात्विक ने 6 घंटे 7 मिनट 31 सेकंड में रेस पूरी कर पहला स्थान हासिल किया। बंगलूरू के स्नेहो रॉय दूसरे और बेंगलुरु के ही समरुथ राजेश तीसरे स्थान पर रहे। शिमला के कौस्तव सिंह कंवर चौथे और अयम कुमार पांचवें स्थान पर रहे। इसके अलावा मास्टर्स मेन वर्ग में होशियारपुर के मंगल सिंह ने 7 घंटे 29 मिनट 9 सेकंड में रेस पूरी कर पहला स्थान हासिल किया। सोलन के गौरव ठाकुर दूसरे और दिल्ली के रोबर्टो बेलो तीसरे स्थान पर रहे।
महिला वर्ग में बंगलूरू की ऐरा सरन ने 8 घंटे 29 मिनट 15 सेकंड के समय के साथ पहला स्थान हासिल किया। गुरुग्राम की अनुपमा दूसरे और पंचकूला की अंजलि तीसरे स्थान पर रहीं। प्रतियोगिता का आयोजन हिमालयन एडवेंचर स्पोर्ट्स एंड टूरिज्म प्रमोशन एसोसिएशन (हास्तपा) की ओर से किया गया। प्रतियोगिता के समापन पर विजेताओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर डीजीपी अशोक तिवारी ने आयोजन के लिए हस्तपा के प्रयासों की सराहना की।