प्रदेश के मंडी जिले के उपमंडल पधर की पंचायत टांडू के महेड़ गांव में एक महिला ने बेडरूम में फंदा लगाकर खुदकशी कर ली। इस घटना से गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस को कमरे में सुसाइड नोट मिला है, जिसमें महिला ने अपनी मौत के लिए खुद को जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस ने आत्महत्या के कारणों की छानबीन शुरू कर दी है। महिला के पति शिक्षा विभाग में उपनिदेशक हैं।
पुलिस के मुताबिक महेड़ गांव निवासी राधा देवी (52) पत्नी भूप सिंह वर्मा ने अपने बेडरूम में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उस समय राधा देवी घर पर अकेली थी। पति जिला ऊना में सरकारी ड्यूटी पर और इकलौता बेटा नग्गर कुल्लू में पीएनबी बैंक में कार्यरत है। वीरवार सुबह महिला के जेठ का बेटा धीरेंद्र अपनी ताई राधा देवी को जगाने करीब साढ़े आठ बजे कमरे में गया और आवाज लगाई।
कमरा अंदर से बंद था। उसने परिजनों को सूचना दी। बाद में दरवाजा तोड़ अंदर देखा तो राधा पंखे से लटकी हुई थी। पधर पुलिस सहित पति और बेटे को सूचना दी गई। घटना की सूचना मिलते ही शिक्षा विभाग में उपनिदेशक के पद पर जिला ऊना में कार्यरत पति भूप सिंह ठाकुर घर पहुंचे।
इस हादसे में परिवार पूरी तरह सदमे में है। मामले की जांच कर रहे पधर थाना के एएसआई जोगिंद्र सिंह, मुख्य आरक्षी ठाकर सिंह, महिला आरक्षी सविता राणा और गृह रक्षक के नेतृत्व में गई टीम ने शव को पोस्टमार्टम उपरांत परिजनों को सौंप दिया है। एएसआई जोगिंद्र ने सुसाइड नोट मिलने की पुष्टि की है।
ये लिखा है सुसाइड नोट में
पुलिस ने कमरे से सुसाइड नोट भी बरामद किया, जिसमें महिला ने अपनी मर्जी से आत्महत्या करने की बात कही है। सुसाइड नोट में लिखा है की मेरी मौत को लेकर मेरे परिवार के सदस्यों और गांव के लोगों को तंग न किया जाए। घर का जो सामान है, उसके साथ किसी प्रकार की छेड़छाड़ भी न की जाए।