पुराना बस अड्डा के पकड़े चिट्टे के मामले में हुई गिरफ्तारी
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। पुलिस ने दो साल पुराने एनडीपीएस मामले में वांछित चल रही महिला आरोपी को चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अवनी निवासी सांगला, जिला किन्नौर के रूप में हुई है। वर्ष 2024 में पुलिस ने पुराना बस अड्डा के समीप एक होटल से 43 ग्राम चिट्टा बरामद किया था। इसी मामले में आरोपी महिला वांछित चल रही थी। अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश-1, शिमला की अदालत ने आरोपी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किए थे। वारंट की तामील के लिए थाना सदर की टीम ने सूचना के आधार पर चंडीगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने आरोपी महिला को मनीमाजरा से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। पुलिस टीम आरोपी को शिमला लेकर आई और न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश जारी हुए। इसके बाद आरोपी को सब जेल कैथू भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार यह मामला वर्ष 2024 का है। इसमें पुराना बस अड्डा शिमला स्थित एक होटल से 43 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया था। इस मामले में महिला आरोपी फरार चल रही थी। एसएसपी गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। नशा तस्करी के मामलों में पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।