रास्तों, गलियों में बेतरतीब पड़े तार, आए दिन उलझकर घायल हो रहे लोग
पार्षद बोले, तार से हो रहे हादसे, नगर निगम कंपनियों पर करे कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी में सड़कों, रास्तों और बाजारों में बेतरतीब बिछे केबल तार से शहरवासियों को निजात दिलाने के लिए नगर निगम सख्ती करने जा रहा है। निगम अब इन्हें जब्त करने की प्रक्रिया शुरू करने जा रहा है। इसे लेकर महापौर सुरेंद्र चौहान अधिकारियों की बैठक भी लेने जा रहे हैं।
महापौर का कहना है कि निर्देशों के बावजूद शहर से बेतरतीब तार नहीं हटाए हैं। अब जहां भी ये तार बिखरे मिलेंगे, उसे जब्त किया जाएगा। अधिकारियों के साथ मिलकर भी सख्त कार्रवाई को लेकर फैसला लिया जाएगा। नगर निगम पार्षदों ने भी कंपनियों और केबल ऑपरेटरों पर कार्रवाई की मांग की है। महापौर ने कुछ महीने पहले टेलीकॉम कंपनियों और केबल ऑपरेटरों को बुलाकर इस बारे में बैठक भी की थी। इन्हें अभियान चलाकर बेतरतीब बिछे तार हटाने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद कंपनियों पर इसका असर नहीं हुआ।
हालत यह है कि मालरोड पर भी बेतरतीब तार लटक रहे हैं। शहर के मालरोड, लोअर बाजार समेत करीब सभी वार्डाें की सड़कों, गलियों और रास्तों पर तार के जाल पड़े हैं। कई जगह तार सड़कों पर बिखरे हैं। इससे आए दिन हादसे भी हो रहे हैं।
तार से उलझकर जख्मी हुए बुजुर्ग
पटयोग की पार्षद आशा शर्मा का कहना है कि तीन दिन पहले बीसीएस में बुजुर्ग तार से उलझकर रास्ते पर गिर गए। इससे वे जख्मी हो गए। उन्होंने कहा कि वार्ड में जगह-जगह तार के गुच्छे रास्तों पर पड़े हैं। केबल ऑपरेटर और टेलीकॉम कंपनी के लोग इन्हें नहीं हटा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आए दिन स्कूली बच्चे भी इससे परेशान हो रहे हैं। नगर निगम को इन पर सख्ती करनी चाहिए।