ग्लोबल इन्वेस्टर मीट में आए देश-विदेश के निवेशकों को हिमाचल की संस्कृति के रूबरू करवाया जाएगा। धर्मशाला शहर में पूरे प्रदेश के पर्यटक स्थलों के बड़े-बड़े होर्डिंग्स लगाकर सजाया जाएगा। इसके अलावा जिस होटल में निवेशक के ठहरने की व्यवस्था होगी, वहां पर भी हिमाचल के पर्यटन व धर्म स्थलों के बारे में छोटे होर्डिंग्स व बुकलेट रखी जाएगी।
वहीं, भाषा एवं संस्कृति विभाग ने धर्मशाला शहर में कांगड़ा पेंटिंग करने की योजना बनाई है। सात व आठ नवंबर को धर्मशाला ग्लोबल इन्वेस्टर मीट की तैयारियों को लेकर प्रदेश सरकार के आलाधिकारियों ने बुधवार को जायजा लिया। सबसे पहले मुख्य सचिव डॉ. श्रीकांत बाल्दी और मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव संजय कुंडू, डीजीपी सीताराम मरडी सहित अन्य अधिकारियों ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस मैदान (पुलिस ग्रांउड) में इन्वेस्टर मीट के लिए तैयार किए जा रहे पंडाल का निरीक्षण किया।
उसके बाद धर्मशाला के निजी होटल में ग्लोबल इन्वेस्टर मीट को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कांगड़ा जिला के अधिकारियों के साथ तैयारियों की फीडबैक ली। सभी अधिकारियों ने अपने-अपने विभाग को मिले काम की पूरी जानकारी बैठक में रखी। उपायुक्त कांगड़ा राकेश प्रजापति ने कहा कि अभी तक इन्वेस्टर मीट के लिए धर्मशाला व मैक्लोडगंज में पर्यटन निगम और निजी होटल के 750 कमरे बुक कर दिए हैं, इसके अलावा लभभग 500 कमरे और रिजर्व रखे जाएंगे। इसके अलावा इन्वेस्टर मीट के लिए लग्जरी वाहन व अन्य टैक्सियों को बुकिंग की भी डिटेल बैठक में रखी।