हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के विधानसभा क्षेत्र जसवां परागपुर के अंतर्गत तलवाड़ा-चिंतपूर्णी मार्ग पर कोटला बेहड़ पंज मंदिर के पास मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा होने से टल गया। रोजाना की तरह निजी बस चिंतपूर्णी से तलवाड़ा की तरफ जा रही थी, जिसमें 20 से 25 सवारियां बैठीं थीं। कोटला बेहड़ में एक कार को पास देते हुए बस का टायर कीचड़ में धंस गया और बस सड़क के किनारे क्रैश बैरियर के साथ जा टकराई। इस दौरान बस में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और चालक-परिचालक की सहायता से सवारियों को आपात खिड़की से बाहर निकाला।
भारी बारिश से सड़क किनारे की मिट्टी गीली होने के कारण यह हादसा हुआ। वहीं, सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग नितेश कौंडल ने कहा कि सूचना मिलते ही विभाग द्वारा दो जेसीबी मशीन की मदद से बस को बाहर निकालकर रास्ता खुलवा दिया गया।