शिमला। प्रदेश सरकार के सरकारी कॉलेजों में समाज शास्त्र विषय पढ़ाने के फैसले का हिमाचल प्रदेश समाज शास्त्र परिषद ने स्वागत किया है। परिषद की अध्यक्ष डॉ. रुचि रमेश, उपाध्यक्ष डाॅ. सुरजीत कुमार, महासचिव मोहिंद्र कुमार सलारिया, सह सचिव दिनेश शर्मा और कोषाध्यक्ष नरेंद्र कुमार वर्मा ने सरकार के इस फैसले का स्वागत करते हुए सरकार का आभार व्यक्त किया है। दो जुलाई 2025 को राज्य सचिवालय शिमला में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में शिक्षा सचिव राकेश कंवर और उच्च शिक्षा निदेशक डाॅ. अमरजीत सिंह सहित अन्य विभागीय अधिकारियों ने इस फैसले पर अपनी सहमति जताई थी और विषय को शुरू करने का फैसला लिया। डॉ. रुचि ने कहा कि प्रदेश के 136 सरकारी महाविद्यालयों में से लगभग 50 प्रतिशत में ही समाजशास्त्र विषय पढ़ाया जा रहा है। समाजशास्त्र परिषद लगातार सभी कॉलेजों में इस विषय को पढ़ाने की मांग कर रही थी जो अब पूरी हो सकेगी। कहा कि समाजशास्त्र विषय युवाओं में सामाजिक समझ, आलोचनात्मक चिंतन और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता लाती है। विषय की बहुआयामी प्रकृति इसे सिविल सेवाओं, शिक्षण, सामाजिक कार्य, शोध और नीति-निर्माण जैसे क्षेत्रों के लिए उपयोगी है। उन्होंने परिषद की ओर से मांग की है कि सरकार स्कूल के स्तर पर भी इस विषय को शुरू करने पर विचार कर फैसला लें। ब्यूरो