इस बार व्हाइट क्रिसमस की आस में शिमला, मनाली, डलहौली घूमने आये पर्यटकों को निराशा हाथ लगी है। अब नए साल पर बर्फबारी को लेकर मौसम विभाग ने ये पूर्वानुमान जताया है।
व्हाइट क्रिसमस न होने के बाद इस बार नए साल पर भी बर्फबारी के आसार नहीं हैं। मौसम विज्ञान केंद्र ने 31 दिसंबर तक मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान जताया है।
सोमवार को शिमला समेत प्रदेश के विभिन्न इलाकों में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। इसके चलते धूप खिलने के बावजूद लोगों ने जबरदस्त ठंड महसूस की।
इन जिला में ऐसा रहेगा मौसम
शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, चंबा, ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा में 31 दिसंबर तक मौसम साफ रहेगा। सोमवार को राजधानी शिमला में मौसम साफ रहा। शिमला सहित प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में धूप खिली।
शिमला में अधिकतम तापमान 15.9, ऊना में 24.2, सोलन में 20.0, नाहन में 18.1, सुंदरनगर में 21.1, भुंतर में 20.6, कांगड़ा में 21.7, मंडी में 23.2, बिलासपुर में 19.5, हमीरपुर में 20.2, चंबा में 20.1, डलहौजी में 11.1 और कल्पा में 9.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
उधर, शुक्रवार रात को केलांग में न्यूनतम तापमान माइनस 7.3, कल्पा में माइनस 1.4, मनाली में 1.6, सोलन में 2.0, चंबा में 3.4, सुंदरनगर में 2.0, ऊना में 4.5 और शिमला में 4.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।