मौसम विभाग ने प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की है। प्रशासन को भी अलर्ट कर दिया गया है। रविवार को भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार रविवार को मध्य पर्वतीय क्षेत्रों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, चंबा, मैदानी क्षेत्रों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों लाहौल स्पीति किन्नौर के कई क्षेत्रों में भारी बारिश होने की संभावना जताई है।
शनिवार को राजधानी शिमला में दिन भर बारिश होने का सिलसिला जारी रहा। सुबह करीब साढ़े दस बजे से लेकर 11 बजे तक शिमला शहर में जोरदार बारिश हुई। जिला सिरमौर में बारिश से धान की खेती को नुकसान हुआ है। पांवटा साहिब में कई स्थानों पर जल भराव होने से यातायात प्रभावित हुआ है।
शनिवार को बिलासपुर में 33.6, ऊना में 32.4, शिमला में 21.4, धर्मशाला में 27.2, सोलन में 25.5, नाहन में 25.2, सुंदरनगर में 30.6, भुंतर में 28.6, कल्पा मे 17, मनाली में 20.8, कांगड़ा में 29.1, हमीरपुर में 30.4, मंडी में 30.3 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकार्ड किया गया।