हिमाचल में सोमवार को मौसम ने कई रंग दिखाए। रोहतांग में ताजा बर्फबारी और मनाली और चंबा के होली में बारिश होने से इन क्षेत्रों में जहां मौसम में ठंड बढ़ गई है। वहीं, ऊना में सोमवार इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। ऊना में अधिकतम तापमान 39 डिग्री दर्ज हुआ। कांगड़ा, बिलासपुर, हमीरपुर और सुंदरनगर में भी पारा चढ़ने से गर्मी बढ़ गई है। उधर, मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने मंगलवार को पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने के आसार जताए हैं।
22 और 23 मई को प्रदेश के कई क्षेत्रों में बादल बरसने का पूर्वानुमान भी जताया गया है। सोमवार दोपहर बाद रोहतांग सहित मनाली की उंची चोटियों पर ताजा हिमपात हुआ। मनाली सहित घाटी में हल्की बारिश भी जारी रही। रोहतांग पास के साथ बारालाचा, कुंजुम दर्रा, मकरवे, शिकरवे, मनाली पीक, लद्दाखी पीक, पतालसू पीक, हनुमान टिब्बा में भी फाहे गिरे। जिला मुख्यालय ढालपुर में तेज अंधड़ चलने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा है।
राजधानी शिमला में दिन भर मौसम साफ रहा। तेज धूप खिलने से शिमला का मौसम भी गर्म हो गया है। सोमवार को शिमला में अधिकतम तापमान 24.8, सुंदरनगर में 34.7, भुंतर में 30.8, नाहन में 33.3, सोलन में 31.2, कांगड़ा में 34.0, बिलासपुर में 36.0, हमीरपुर में 35.8, चंबा में 28.4, धर्मशाला में 26.8, डलहौजी में 19.4, कल्पा में 17.4 और केलांग में 13.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। उधर, रविवार रात को नाहन में न्यूनतम तापमान 23.3, बिलासपुर-हमीरपुर में 20.0, ऊना में 19.0 और शिमला में 15.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।