शिमला। भारी बारिश थमने के बाद गिरि पेयजल परियोजना से शिमला शहर के लिए मंगलवार को पानी की सप्लाई शुरू हो गई। हालांकि, दोपहर के समय बारिश के चलते गिरि में फिर गाद आ गई। इसके चलते पंपिंग फिर बंद करनी पड़ी। दोपहर बाद गाद थमने पर पंपिंग शुरू कर दी गई। गुम्मा समेत बाकी परियोजनाओं से भी मंगलवार दिन भर पंपिंग सामान्य रही। लेकिन इसके बावजूद शहर के कई इलाकों में पानी नहीं आया।
छोटा शिमला बाजार, निगम विहार, कनलोग और न्यू शिमला के कई इलाकों में पानी की सप्लाई बाधित रही। सेंट्रल जोन और चौड़ा मैदान जोन में सप्लाई सामान्य रही। पेयजल कंपनी के अनुसार छोटा शिमला, निगम विहार और कनलोग इलाके में बुधवार को सबसे पहले पानी की सप्लाई दी जाएगी। बाकी इलाकों में शेड्यूल के अनुसार सप्लाई देंगे। एजीएम राजेश कश्यप ने बताया कि बुधवार को 38 एमएलडी तक पानी लिफ्ट होने की उम्मीद है। ऐसे में शहर के सभी इलाकों में पानी की सप्लाई देने का दावा किया गया है।