अभी शकरोड़ी पंपिंग स्टेशन पर ही पूरी नहीं हुई टेस्टिंग, इसके बाद ही दवाडा और डुम्मी स्टेशनों पर पहुंचेगा पानी
मेयर ने 15 जनवरी तक सतलुज का पानी शिमला पहुंचाने के दिए हैं निर्देश
कंपनी का दावा महीने के अंत तक पहुंच जाएगा पानी
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। शहरवासियों को इस महीने भी पानी की राशनिंग से राहत नहीं मिलेगी। लोगों को रोज पानी देने के लिए सतलुज नदी का पानी इस महीने शिमला नहीं पहुंच पाएगा। ऐसे में शहर के लोगों को अभी नियमित आपूर्ति के लिए इंतजार करना पड़ेगा।
नगर निगम महापौर ने 15 जनवरी तक कंपनी को सतलुज का पानी शिमला पहुंचाने के निर्देश दिए हैं लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि अभी शकरोड़ी में ही पानी की टेस्टिंग प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई है। इसके बाद शकरोड़ी से दवाडा के लिए पानी लिफ्ट होगा। दवाडा से फिर डुम्मी के लिए पानी सप्लाई होगा। डुम्मी के बाद ही शिमला तक यह पानी पहुंचेगा। दवाडा और डुम्मी में भी पानी की टेस्टिंग में अलग से समय लगेगा। लिहाजा इस महीने पानी के पहुंचने की उम्मीद बेहद कम है। मौके पर काम कर रही टीम भी मानती है कि अभी शिमला तक पानी पहुंचाने में कुछ हफ्ते और लग जाएंगे। हालांकि, दूसरी ओर कंपनी का दावा है कि 30 जनवरी तक सतलुज का पानी शहर में पहुंचा दिया जाएगा। कंपनी के इस दावे पर इसलिए भी सवाल उठ रहे हैं कि शकरोड़ी में पंपिंग शुरू करने के लिए बिजली आपूर्ति पर्याप्त है या नहीं, इस पर भी संशय है। शहर के ज्यादातर इलाकों में इन दिनों तीसरे दिन पानी आ रहा है। मेयर के निर्देश के बाद शहरवासियों को उम्मीद थी कि जनवरी से ही रोज पानी मिलना शुरू हो जाएगा। हालांकि, अभी इसकी उम्मीद बेहद कम है।
सतलुज से 66 एमएलडी क्षमता वाली महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत शहर को 24 घंटे पेयजल आपूर्ति उपलब्ध करवाई जानी है। पहले चरण में शहर को 15 एमएलडी पानी की सप्लाई पहुंचाई जानी है। पूरा साल पानी की राशनिंग के कारण लोगों को जो समस्या पेश आती है, वह अब नहीं होगी। कंपनी का दावा है कि टेस्टिंग प्रक्रिया पूरी होने के बाद पानी को शकरोड़ी, दवाडा, डुम्मी से संजौली तक लाया जाएगा। हालांकि कंपनी ने इस पर यह भी स्प्ष्ट किया है कि ओजोनेशन तकनीक के जरिये नहीं बल्कि कलोरीनेशन करके पानी की सप्लाई शहर में पहुंचाई जाएगी। इसको लेकर भी काम चल रहा है। कंपनी का दावा है कि अभी इसका उपकरण मंगवाया गया है और 15 जनवरी के बाद यह कभी भी यहां पर पहुंच जाएगा और इसके बाद कलोरीनेशन करके पानी को शहर में पहुंचाया जाएगा।
इनसेट
होली तक पानी मिलने की उम्मीद
शहर में जलसंकट का सामना अभी लोगों को करना पड़ सकता है क्योंकि कंपनी के अधिकारियों के बीच इन दिनों यह चर्चा है कि होली तक ही शिमला में पानी पहुंच सकता है। इसके अलावा शहर में अभी भी कुछ इलाकों को छोड़कर अधिकांश इलाकों में तीसरे दिन ही पानी मिल रहा है।