उठाऊ पेयजल योजना का निर्माण कार्य अंतिम चरण में
जल भंडारण के लिए छह लाख लीटर क्षमता के चार टैंक निर्मित
संवाद न्यूज एजेंसी
जुन्गा (शिमला)। जुन्गा तहसील की दस पंचायतों के लिए निर्मित की जा रही 31 करोड़ की उठाऊ पेयजल योजना का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। इसके पूर्ण होने से करीब 20 हजार की आबादी को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होगा और आगामी 25 वर्षों तक इन पंचायतों में पेयजल की कोई समस्या नहीं रहेगी। इसकी पुष्टि जलशक्ति विभाग उपमंडल कोटी के सहायक अभियंता अरुण जैन ने की है।
उन्होंने बताया कि भारत सरकार की जल जीवन मिशन योजना के तहत 25 करोड़ 55 लाख की महत्वाकांक्षी योजना वर्ष 2021 में स्वीकृत की गई थी। इसकी लागत बढ़ने पर इस योजना का निर्माण कार्य बीते 10 मार्च 2022 को उत्तर प्रदेश की एक नामी कंपनी विराक्ष को 31 करोड़ में अवार्ड किया गया था। बता दें कि कसुम्पटी निर्वाचन क्षेत्र के इतिहास में पहली बार इतनी बड़ी योजना सरकार की ओर से स्वीकृत की गई है। इस योजना के तहत गिरि नदी से चार स्टेजों में पानी लिफ्ट किया जाएगा। जल भंडारण के लिए छह लाख लीटर क्षमता के चार टैंक कवालिया, मनून, चीनी बंगला और शड़ोग में निर्मित कर दिए गए हैं। पानी के आवंटन के लिए 20 हजार लीटर क्षमता के 20 टैंक, 40 हजार लीटर की क्षमता का एक और 20 हजार व 13 हजार लीटर की क्षमता के 15 टैंक का निर्माण कार्य भी पूरा हो चुका है। उन्होंने बताया कि गिरि नदी पर बनने वाले टीट्रमेंट प्लांट का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इसके पूरा होने पर इस योजना का शुभारंभ कर दिया जाएगा। उपमंडल के तहत आने वाली दस पंचायतों दरभोग, पीरन, सतलाई, कोटी, जनेडघाट, जुन्गा, पटगेर, भड़ेच, बलोग और कूफरी के ग्रामीण क्षेत्र को इस योजना का लाभ मिलेगा।