सरकार के जनमंच कार्यक्रम के दौरान चंबा में इस बार नई पहल होगी। जनमंच कार्यक्रम के दौरान आईपीएच विभाग द्वारा पानी की जांच की जाएगी। इसके लिए लोग अपने क्षेत्र के प्राकृतिक चश्मे या स्टोरेज टैंक का पानी जांच के लिए ला सकते हैं। इसकी रिपोर्ट उपलब्ध भी करवाई जाएगी। सरकार की ओर से इस तरह की पहल करने का मकसद पानी की जांच करना है ताकि लोगों को स्वच्छ व शुद्ध जल पीने के लिए मिल सके।
चंबा सदर के तहत ग्राम पंचायत साहो में जनमंच का आयोजन 22 दिसंबर को होगा, जिसकी अध्यक्षता सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर करेंगे। एसडीएम की अगुवाई में प्री जनमंच कार्यक्रम का आयोजन चल रहा है।
हाल ही में ग्राम पंचायत कीड़ी में जनमंच का आयोजन किया गया, जिसमें शिकायतों व मांगों के संदर्भ में 55 आवेदन पहुंचे। एसडीएम चंबा शिवम प्रताप सिंह ने बताया कि 22 दिसंबर को होने वाले जनमंच कार्यक्रम में पानी के सैंपलों की जांच की जाएगी। इसके लिए विशेष व्यवस्था की गई है।