हिमाचल चुनाव आयोग ने छह जिलों के उपायुक्तों को आदेश दिए हैं कि प्रस्तावित नए नगर निगम सोलन, नई नगर पंचायतों और नगर परिषद में वार्ड बंदी का कार्य 9 अक्तूबर तक पूरा कर लें। राज्य चुनाव आयोग 15 नवंबर के बाद इनकी वोटर लिस्टों को तैयार करेगा। राज्य चुनाव आयोग ने इस संबंध में जिला शिमला, सोलन, कुल्लू, कांगड़ा, मंडी और ऊना के उपायुक्तों को लिखित आदेश भी भेज दिए हैं। शिमला जिले की नेरवा और चिड़गांव नगर पंचायत, सोलन नगर निगम और कंडाघाट नगर पंचायत, मंडी के नेरचौक नगर परिषद, करसोग नगर पंचायत, कुल्लू को आनी और निरमंड नगर पंचायत, कांगड़ा की ज्वाली नगर पंचायत, और ऊना की अंब नगर पंचायत की वार्ड बंदी 9 अकतूबर तक करने के आदेश दिए हैं। 12 अक्तूबर तक ड्राफ्ट प्रस्ताव तैयार होगा। 14 दिन के भीतर आपत्ति और सुझाव मांगे जाने हैं। इसके बाद इनका निपटारा किया जाना है। इसके बाद चुनाव आयोग 15 नवंबर के बाद इनकी वोटर लिस्टों को तैयार करेगा। राज्य चुनाव आयोग के चुनाव अधिकारी संजीव महाजन ने कहा कि प्रदेश के छह जिलों के उपायुक्तों को नए नगर निगम, नगर परिषदों और नगर पंचायतों में 9 अक्तूबर तक वार्ड बंदी के आदेश आयोग ने दिए हैं। आयोग 15 नवंबर के बाद वोटर लिस्ट तैयार करेगा।