खेतों में नमी हो रही खत्म, किसानों की परेशानियां बढ़ीं
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। जिला शिमला में अधिकतर क्षेत्रों में रबी फसल की बिजाई हो चुकी है, लेकिन अब अच्छी पैदावार के लिए किसानों को बारिश का इंतजार है। दो महीने से बारिश न होने की वजह से खेतों की नमी खत्म होती जा रही है जिसकी वजह से बोई गई फसल सही तरीके से पैदा नहीं हो रही है। यदि जल्दी बारिश नहीं हुई तो सूखे की वजह से फसल की पैदावार प्रभावित होगी। कृषि विभाग की ओर से अधिकतर फसलों के बीज जिले के सभी विकास खंडों के विक्रय केंद्रों पर भेज दिए हैं।
लोगों ने इनकी खरीद भी शुरू कर दी है। वहीं अधिकतर क्षेत्रों में बिजाई भी कर ली है, लेकिन बारिश न होने से किसानों को अलग से खेतों की सिंचाई करनी पड़ रही है। टुटू पंचायत के प्रधान उत्तम सिंह ने बताया कि उनके क्षेत्र में भी गेहूं और जौ की बिजाई के लिए बारिश का इंतजार किया जा रहा है लेकिन किसानों ने लहसुन सहित पालक, मूली, शलगम, मैथी, सोया, धनिया की बिजाई कर ली है। कृषि विषयवाद विशेषज्ञ मशोबरा सुनील कुमार ने बताया कि मटर और लहसुन सहित अन्य बीजों की बिक्री शुरू हो गई है।