जुन्गा (शिमला)। पंचायती राज चुनाव के दूसरे चरण में वीरवार को मशोबरा ब्लॉक की 11 पंचायतों ढली, कोहलू जुब्बड़, कुफरी, पधेची, जनेड़घाट, धाली, मल्याणा, पुजारली, मांजू डाबरी, शिलोन बाग और पगोग में लोगों ने बढ़-चढ़कर मतदान में हिस्सा लिया।
विज्ञापन
मशोबरा ब्लॉक की धाली पंचायत में 94 वर्षीय शौंकिया राम ने कहा कि उन्होंने स्वस्थ लोकतंत्र के लिए वोट डाला है। उन्होंने युवाओं से भी मतदान के लिए आगे आने की अपील की। अस्वस्थ होने के बावजूद 80 वर्षीय नारायण सिंह ठाकुर ने मतदान केंद्र तक दो किलोमीटर का रास्ता पैदल तय कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। बुजुर्ग शौंकिया राम ने युवाओं को लोकतंत्र में मतदान के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि वोट डालने का अवसर पांच साल बाद मिलता है, इसलिए सभी को अपने मत का प्रयोग अवश्य करना चाहिए।
विज्ञापन
पंचायत कुफरी शवाह में 93 वर्षीय संतराम अस्वस्थ होने के बावजूद वोट डालने पहुंचे। उन्होंने कहा कि पंचायत समृद्ध होगी तो देश भी संपन्न बनेगा। 90 वर्षीय कमला देवी और 87 वर्षीय गौरी दत्त ने भी अपना वोट डाला। उनके उत्साह को देखकर युवाओं को भी मतदान के लिए प्रेरणा मिली। ठूंड मतदान केंद्र पर 96 वर्षीय गौरी देवी और 92 वर्षीय बिशराम ने मतदान कर लोकतंत्र की परंपरा का निर्वहन किया।