शिमला। राजधानी के घोड़ा चौकी में शनिवार सुबह एक निजी वोल्वो बस के अचानक खराब होने से यातायात प्रभावित हो गया। तकनीकी खराबी के कारण बस सड़क के बीचोंबीच रुक गई। इस वजह से मार्ग पर वाहनों की आवाजाही एकतरफा हो गई। सुबह के समय व्यस्त घंटों में शिमला-सोलन मुख्य मार्ग पर यातायात प्रभावित होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इस कारण मार्ग पर कुछ समय के लिए जाम भी लग गया। सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और यातायात व्यवस्था संभाली। काफी मशक्कत के बाद बस को सड़क से हटाकर वाहनों की आवाजाही सुचारू करवाई गई। शहर में आए दिन बसों, ट्रकों और अन्य वाहनों के सड़क के बीचोंबीच खराब होने से यातायात प्रभावित होता है। इससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ब्यूरो