आग में 39 लाख की संपत्ति राख, जंगलों में आग लगने से बहुमूल्य वन संपदा को नुकसान
विज्ञापन
मैहली में एक भवन की एटिक में लग गई आग
दिवाली के बाद अगले दिन भी धधकते रहे जंगल अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। दिवाली के दिन जिला शिमला में आग की घटनाओं में लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। आतिशबाजी के कारण जंगलों में भी आग लगने की कई घटनाएं सामने आईं। इसके अलावा एक कार भी जल गई है।
सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। जिले में एक ही दिन में 48 जगह आग लगी। इसमें सात भवनों और जंगलों में लगी आग के मामले शामिल हैं। इन घटनाओं में करीब 38.94 लाख रुपये की संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। वहीं दमकल कर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए करीब 1.84 करोड़ रुपये की संपत्ति को आग की चपेट में आने से बचाया। राजधानी के मैहली क्षेत्र में रविवार सुबह 10:20 बजे एक भवन की एटिक में आग लग गई। सूचना मिलते ही छोटा शिमला अग्निशमन केंद्र से दमकल टीम मौके पर पहुंची। आग बढ़ती देख मालरोड और बालूगंज से भी दमकल वाहनों को बुलाया गया। कई घंटों की मशक्कत के बाद दमकल विभाग ने आग पर काबू पाया। इस अग्निकांड में प्रारंभिक आकलन के मुताबिक सात लाख रुपये की संपत्ति को नुकसान पहुंचा है जबकि अग्निशमन कर्मियों ने करीब तीन करोड़ रुपये की संपत्ति को सुरक्षित बचा लिया। दोपहर 1:30 बजे तक आग पर काबू पा लिया था। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।दूसरी घटना नवबहार के पास चुड़ैल बाड़ी में सामने आई, जहां सड़क किनारे खड़ी एक कार में आग लग गई। अग्निशमन विभाग को रात करीब 12:15 बजे इसकी सूचना मिली। सूचना मिलते ही दमकल टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। आग से कार की बॉडी और सीटों को नुकसान पहुंचा।
विज्ञापन
आईएसबीटी के पास एक स्टोर में भी आग लगने की घटना सामने आई। रात करीब 11:45 बजे सूचना मिलने पर दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और आग बुझाई। वहीं लिफ्ट के पास कूड़े में आग लग गई। इससे पास स्थित वेटरनरी अस्पताल और शेड को भी खतरा पैदा हो गया था। अग्निशमन कर्मियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और संपत्ति को नुकसान से बचाया।
जिले में 22 जगह जंगलों में लगी आग
जिले में जंगलों में लगी आग के कारण रिहायशी क्षेत्रों पर भी खतरा मंडराता रहा। इससे स्थानीय लोगों में दहशत बनी रही। ढिंगू मंदिर के समीप जंगल में रात को आग लग गई जिससे आसपास के क्षेत्र में धुआं फैल गया। अग्निशमन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। हालांकि सोमवार को जंगल में दोबारा आग भड़क गई। इसके चलते दिनभर ढिंगू क्षेत्र के जंगल से धुआं उठता रहा। इसके अलावा डाउनडेल, मशोबरा और रझाना में भी जंगलों में आग लगने की घटनाएं सामने आईं। कृष्णानगर में वाल्मीकि मंदिर के पास एक तिरपाल के शेड में भी आग लग गई। दिवाली के दिन आतिशबाजी और अन्य कारणों से जिले में 22 स्थानों पर जंगलों में आग लगने की घटनाएं दर्ज की गईं।
कोट दिवाली के दिन जिले में 48 स्थानों पर आग लगने की घटनाएं सामने आई हैं। इनमें सात भवनों में आग लगने के मामले भी शामिल हैं। अग्निशमन कर्मचारियों ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। इन घटनाओं में करीब 39 लाख रुपये की संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। -संजीव कुमार, मुख्य अग्निशमन अधिकारी