शिमला। परंपरा के अनुसार दिवाली के अगले दिन गोवर्धन पूजा पर एचआरटीसी की तारादेवी सहित अन्य वर्कशॉप में मैकेनिकों ने भगवान विश्वकर्मा और वर्कशॉप में रखे औजारों की पूजा-अर्चना की। वहीं शहर में चलने वाली निजी और सरकारी बसों, टैक्सियों के चालकों और निजी वाहन मालिकों ने भी अपने वाहनों की पूजा की।
विज्ञापन
वाहनों, मशीनों और औजारों की पूजा करने की यह परंपरा काफी पुरानी है। सोमवार को शहर में वाहन चालकों ने अपने वाहनों की साफ-सफाई करने के साथ उन्हें सजाया और विधिवत पूजा-अर्चना की। वहीं मैकेनिकों ने अपने औजारों की पूजा की। इस अवसर पर कुछ वर्कशॉप में कामकाज भी बंद रखा गया। शहर में चलने वाली बसों को फूल-मालाओं से सजाया गया था। भगवान विश्वकर्मा को निर्माण और शिल्पकला का देवता माना जाता है। वाहन भी तकनीक और निर्माण का हिस्सा हैं, इसलिए लोग उनकी पूजा-अर्चना कर भगवान का आशीर्वाद मांगते हैं। वाहन मालिकों का मानना है कि पूजा करने से सालभर यात्रा सुरक्षित रहती है। टैक्सी चालक, ट्रक ऑपरेटर, बस चालक और अन्य वाहन व्यवसाय से जुड़े लोग अपने वाहनों को आजीविका का प्रमुख साधन मानते हुए उनकी पूजा करते हैं। ब्यूरो