फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

CM ने विधायकों को दिया चुनावी मंत्र, बोले- नहीं टूटेगी पार्टी, फिर बनाएंगे सरकार

Sun, 07 May 2017 10:08 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, शिमला
विज्ञापन
विज्ञापन
पीएम मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के दौरे के बाद विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कांग्रेस विधायक दल की बैठक ली। बैठक में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि हिमाचल में कांग्रेस पार्टी एकदम मजबूत है और दोबारा से सत्ता में आएगी। 
विज्ञापन


उन्होंने कहा कि कांग्रेस से भाजपा के संपर्क में कोई नहीं है। इक्का-दुक्का लोगों को छोड़कर सब पार्टी के साथ खडे़ हैं। हिमाचल में कोई मोदी लहर नहीं पहुंची है और न ही कांग्रेस किसी तरह से भाजपा के दबाव में है। उन्होंने कांग्रेस के तमाम विधायकों का आह्वान किया कि वे चुनावी समर के लिए अपनी कमर कस लें।

ओक ओवर शिमला में शनिवार को देर रात तक कांग्रेस विधायक दल की बैठक चलती रही। बैठक के बाद विधायकों ने यहां सीएम के साथ डिनर भी किया। इसमें कांग्रेस के मंत्रियों और विधायकों ने भाजपा की रणनीति पर प्रहार करने के लिए कई तरह के सुझाव भी दिए।
विज्ञापन


बैठक के पहले चरण के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए सीएम वीरभद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस सरकार चुनाव के लिए एकदम तैयार है। ये बैठक नगर निगम चुनाव के लिए नहीं हुई और न ही विशेष बैठक है। ये बैठकें होती रहती हैं। इनमें समीक्षा होती रहती है। सब लोग पार्टी में इकट्ठे होते हैं।

पार्टी अध्यक्ष के सवाल पर वीरभद्र ने दिया ये जवाब

पत्रकारों के सवाल पर सीएम वीरभद्र ने कहा कि पार्टी संगठन को लेकर चुनाव हो रहे हैं। इसको लेकर भी बात करेंगे। किसको पार्टी अध्यक्ष बनना है, इसे हाईकमान को देखना है। संगठन के दम से सरकार होती है। पार्टी से उनका कोई मतभेद नहीं है।

कांग्रेस पार्टी संगठन अपना काम करता है और सरकार पार्टी की नीतियों को ही लागू करती है। वीरभद्र बोले कि भाजपा के दिग्गज नेता अपने बारे में सोचें, उनका खुद का ही पता नहीं है। सीएम ने कहा कि उनका किसी से बैर नहीं है।

छोटी-मोटी बातें होती रहती हैं। वे कांग्रेस में भी हो सकती है। सरकार के साढे़ चार साल के काम की भी समीक्षा करेंगे। अगर किसी विधायक के क्षेत्रों में कोई काम नहीं हुआ, उसे भी पूरा नहीं करेंगे।
विज्ञापन

कौल सिंह बोले, उल्टे भाजपा के लोग हमारे संपर्क में

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने भी दोहराया कि हिमाचल में कोई मोदी लहर नहीं है। उन्होंने कहा कि उल्टे भाजपा के लोग हिमाचल में कांग्रेस से संपर्क में है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के नेतृत्व की सरकार में सभी कांग्रेस नेताओं को भरोसा है। आगे भी उनके  नेतृत्व में ही कांग्रेस एकजुट होकर चुनाव लड़ेगी। 

बैठक में शामिल हुए ढाई दर्जन विधायक 
विधायक दल की इस बैठक में ढाई दर्जन विधायक शामिल हुए। परिवहन मंत्री जीएस बाली, आयुर्वेद मंत्री कर्ण सिंह, गगरेट के विधायक राकेश कालिया, लाहौल स्पीति के विधायक रवि ठाकुर और घुमारवीं के विधायक राजेश धर्माणी बैठक में शामिल नहीं हुए। सूत्रों ने बताया कि मंत्री जीएस बाली और कुछ अन्य विधायकों ने सीएम को बैठक में न आ पाने की सूचना दे दी थी।  
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें