स्वास्थ्य मंत्री विपिन परमार ने कहा कि प्रदेश सरकार का एक साल का कार्यकाल पूरा होने पर धर्मशाला में आयोजित रैली से कांग्रेस नेता बौखला गए हैं। रैली मेें उमड़ा जन सैलाब कांग्रेस नेताओं के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है।
कहा कि प्रदेश की जनता जयराम सरकार के विकास कार्यों से खुश है। इसका अंदाजा रैली में राज्य के कोने-कोने से आए लोगों के समूह को देखकर लगाया जा सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हिमाचल को अपना घर मानते हैं।
इसका जिक्र उन्होंने अपने संबोधन में भी किया। मंत्री ने कहा कि धर्मशाला में आयोजित जन आभार रैली को विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों ने महारैली बना दिया। जयराम सरकार ने एक वर्ष के दौरान राज्य की जनता को बेहतर शासन और प्रशासन दिया है।
उन्होंने रैली के लिए धर्मशाला को चुनने के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का आभार जताया। उन्होंने कहा कि हिमाचल में हर व्यक्ति के स्वास्थ्य की जांच हो रही है। जनमंच के माध्यम से सरकार लोगों के घर-द्वार पहुंच रही है।
मुख्यमंत्री आशीर्वाद योजना के तहत हिमाचल में शुरू की गई नव आगंतुक किट को भी केंद्र सरकार ने खूब सराहा। निशुल्क दवा नीति, स्वास्थ्य में सहभागिता योजना के तहत लोगों को फायदा पहुंचाया जा रहा है।