प्रदेश युवा कांग्रेस ने मंडी में प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली से पहले भाजपा पर हमला बोला है। प्रदेश अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि केंद्र की ओर से विकास के मामले में प्रदेश के साथ किए जा रहे भेदभाव का पाप इस रैली से धुलने वाला नहीं है। कहा कि युवा कांग्रेस जल्द प्रदेश में कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी की भाजपा से दोगुना बड़ी और ऐतिहासिक रैली का आयोजन करेगी।
इसमें भाजपा के सभी दावों की पोल खोली जाएगी। लोकसभा चुनावों से पहले देश में अच्छे दिनों के सपने दिखाने वाली भाजपा अब हिमाचल के लोगों को झूठे वायदे करने की तैयारी कर रही है। कहा कि पिछले दो साल में केंद्र सरकार की प्रदेश के लिए एक भी ऐसी कोई उपलब्धि नहीं है, जिसका भाजपा ढिंढोरा पीट सके। मंडी से सांसद रामस्वरूप वर्मा पर हमला करते हुए कहा कि सांसद ने खुद आज तक इस क्षेत्र में कोई भी नया विकास कार्य नहीं कराया।
बल्कि पूर्व में केंद्र की यूपीए सरकार की ओर से शुरू किए गए कार्यों की रफ्तार को भी कम कर दिया है। यही कारण है कि अपनी विफलताओं को छुपाने के लिए ही प्रदेश भाजपा प्रधानमंत्री की रैली का आयोजन कर रही है। कहा कि युकां पहली बार प्रधानमंत्री का हिमाचल आने पर स्वागत तो करती है, पर उनसे अपेक्षा भी करती है कि प्रदेश के साथ किए जा रहे किसी भी भेदभाव को खत्म कर प्रदेश के हितों का भी ध्यान रखें।
नाहन नहीं जाएंगे मोदी, मंडी में होगी रैली
धानमंत्री नरेंद्र मोदी की नाहन रैली स्थगित हो गई है। मोदी 18 अक्तूबर को 11 बजे मंडी पहुंचेंगे और डेढ़ बजे वह दिल्ली के लिए रवाना होंगे। पीएम के आगमन के लेकर भारतीय जनता पार्टी तैयारियों में जुटी है। भाजपा, भाजयुमो, अन्य प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों की ड्यूटियां लगा दी गई हैं।
रैली में 50 हजार से अधिक भीड़ जुटाए जाने का लक्ष्य है। मोदी के साथ केंद्रीय मंत्री और पूर्व भाजपा मुख्यमंत्री, प्रदेश सांसद और भाजपा विधायक उपस्थित रहेंगे। भारतीय जनता पार्टी से मिली जानकारी के मुताबिक प्रधानमंत्री करीब 40 से 45 मिनट तक जनता को संबोधित करेंगे।
पीएम की रैली को लेकर भाजपा में बैठकों को दौर जारी है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष तैयारियों को लेकर लगातार कार्यकर्ताओं से अपडेट ले रहे हैं। इसके अलावा जिलों और मंडलों में भी भाजपा अध्यक्ष पीएम के आगमन को लेकर बैठकों का दौर जारी है। जिलों से भीड़ जुटाने का जिम्मा जिला अध्यक्षों का रहेगा।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहली बार हिमाचल आ रहे हैं। उनके दौरे को लेकर भाजपा में काफी उत्साह है। उन्होंने कहा कि उनके दौरे को लेकर बैठक आयोजित की जा रही है। इसमें भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की ड्यूटियां लगाई जाएंगी।
मोदी के हिमाचल दौरे की तैयारी में जुटी सरकार
मुख्य सचिव वीसी फारका
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित हिमाचल दौरे की सूचना आने के साथ ही हिमाचल सरकार ने तैयारियों को लेकर कवायद शुरू कर दी है। सोमवार को मुख्य सचिव वीसी फारका ने इस क्रम में प्रदेश के विभिन्न विभागों के अफसरों के साथ बैठक की। बैठक के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के अलावा प्रोटोकाल के तहत होने वाली अन्य तैयारियों पर भी चर्चा की गई।
बैठक में मुख्य सचिव ने सभी विभागों के अधिकारियों को प्रधानमंत्री के प्रस्तावित मंडी दौरे को लेकर अभी से जरूरी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मुख्य सचिव फारका ने बताया कि पीएमओ से मिली जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री 18 अक्तूबर को मंडी में 11 से 1 बजे तक रहेंगे।
इस दौरान वे रैली को संबोधन करने के अलावा प्रदेश के रामपुर हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट, कोल डैम और पार्वती हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट को देश को समर्पित करेंगे। फारका ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर केंद्र से आने वाली टीम के साथ मिलकर तैयारियों को पूरा किया जाएगा।