अटल टनल रोहतांग के समीप फंसे वाहन।
- फोटो : संवाद
अटल टनल रोहतांग सहित लाहौल के विभिन्न क्षेत्रों में भारी हिमपात हुआ है। हिमपात से अटल टनल रोहतांग के समीप 500 वाहन देररात तक बर्फ में फंस गए। इनमें अधिकतर पर्यटक वाहन थे। भारी हिमपात के बीच पुलिस के जवान वाहनों को निकालने में डटे रहे। सूचना मिलते ही डीएसपी क्षमादत्त शर्मा, थाना प्रभारी मुकेश कुमार अपनी टीम के साथ अटल टनल रोहतांग(धुंधी) पहुंचे। डीएसपी क्षमादत्त के नेतृत्व में पुलिस बचाव दल वाहनों को निकाला। गौर रहे कि बर्फबारी के चलते सड़क में फिसलन हो गई थी, ऐसे में हादसे की आशंका बनी हुई थी। डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने कहा कि वाहन अचानक हुई भारी बर्फबारी के चलते फंस गए थे। उन्होंने कहा कि फंसे हुए वाहनों को निकाला गया है। मंगलवार को मौसम की स्थिति को देखते हुए ही पर्यटकों को अटल टनल रोहतांग की तरफ जाने की अनुमति दी जाएगी।
तीन दिन में रोहतांग में 30, कोकसर में 15 सेंटीमीटर बर्फबारी
लाहौल-स्पीति में मई में भी बर्फबारी का दौर जारी है। सोमवार को सुबह के समय आसमान पर हल्के बादल छाए और सैलानी कोकसर की वादियों में बर्फ देखने पहुंचे। दोपहर में हल्की बर्फबारी शुरू हुई और सैलानियों ने इसका भरपूर आनंद लिया। कोकसर और अटल टनल रोहतांग के नॉर्थ पोर्टल में शाम चार बजे भारी बर्फबारी का दौर शुरू हुआ। पर्यटकों ने बर्फबारी का लुत्फ उठाया, ताजा बर्फबारी के बीच सैलानी मस्ती करते नजर आए। बर्फबारी होने के बाद पुलिस ने पर्यटकों को हिदायत दी कि वे सुरक्षित स्थानों की ओर प्रस्थान करें। अनावश्यक यात्रा से बचें।
शनिवार रात लाहौल घाटी में बर्फबारी का दौर शुरू हुआ और रविवार सुबह तक बर्फबारी हुई। रोहतांग दर्रा में 30 सेंटीमीटर, कोकसर में 15 सेंटीमीटर, अटल टनल में 10 सेंटीमीटर तक बर्फबारी हुई। मुख्यालय केलांग सहित उपमंडल उदयपुर में भी हल्की बर्फबारी हुई है। वहीं बारालाचा, कुंजम, शिंकुला और साच पास में भी बर्फबारी हुई है।
कुल्लू में बारिश के साथ चला अंधड़
कुल्लू जिले में दोपहर बाद मौसम ने करवट बदली और अंधड़ से साथ बारिश हुई। अंधड़ के चलते एक बार फिर लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा है। हालांकि, अंधड़ से किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ है। मौसम के बिगड़े मिजाज के चलते कुल्लू में चल रहे अंधड़ ने लोगों को परेशान कर दिया है। बागवान प्लम, नाशपाती सहित अन्य फसलों को लेकर चिंतित हैं। मटर की 50 फीसदी पहले ही बारिश के चलते खराब हो गई है। खराब मौसम के कारण जिले में मई में दिसंबर जैसी ठंड महसूस की जा रही है।