39 कोल्ड चेन सेंटर पर टीकाकरण अभियान, आईईसी के माध्यम से स्कूलों में किशोरियों को किया जागरूक
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। जिले में 14 और 15 वर्ष आयु की 261 किशोरियों ने ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) वैक्सीन लगवाकर जीवन सुरक्षित किया। जिला स्वास्थ्य विभाग की आरे से 39 कोल्ड चेन पॉइंट पर टीकाकरण अभियान चलाया गया। इस दौरान ग्रामीण क्षेत्र में पीड़ित किशोरियों ने कोल्ड चेन पॉइंट पर पहुंचकर टीकाकरण करवाया। वहीं, विभाग की ओर से भी सक्रिय भूमिका निभाई गई। अब तक 1295 किशोरियों का टीकाकरण पूरा हो चुका है। रविवार को हुए टीकाकरण अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की दिक्कत का सामना किशोरियों को नहीं करना पड़ा। टीका लगवाने के बाद किशोरियों को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अपनी देखरेख में करीब एक घंटे तक रखा। किसी भी प्रकार का लक्षण न आने के बाद किशोरियों को घर भेज दिया गया।
बच्चियां वैक्सीनेशन अभियान में आगे नहीं आ रही हैं। इससे विभाग को काफी दिक्कतें आनी शुरू हो गई हैं। सबसे अधिक दिक्कत जिले के चिकित्सा खंड सुन्नी, मतियाना, ननखड़ी, कुमारसैन और कोटखाई में सामने आ रही है। इसे देखते हुए विभाग की ओर से फील्ड में टीमें उतारी गई हैं। ये टीमें सूचना, शिक्षा और संपर्क (आईईसी) के माध्यम से जागरूक कर रही हैं। जिला स्वास्थ्य विभाग की ओर से बच्चियों में कम जागरूकता को देखते हुए स्कूलों में कैंप लगाने शुरू कर दिए गए हैं।
जिले में 29 मार्च से सर्वाइकल कैंसर का टीकाकरण शुरू किया गया है। 14 से 15 साल 90 दिन पूरे कर चुकी बच्चियों का सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए टीकाकरण किया जा रहा है।
कोट...
ब्लॉक चिकित्सा अधिकारियों, चिकित्सा अधिकारियों और फील्ड कार्यकर्ताओं सहित स्वास्थ्य कर्मियों के अथक समर्पण और प्रतिबद्धता से सफल टीकाकरण किया गया है। सभी पात्र लाभार्थियों से टीका लगवाने का आग्रह है। एचपीवी टीकाकरण गर्भाशय ग्रीवा कैंसर की रोकथाम की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
-डॉ. यशपाल रांटा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, शिमला