यूपी नंबर की गाड़ी में थी सवार
सिरमौर के एसपी एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस थाना सदर नाहन में 112 हेल्पलाइन पर सूचना मिली कि शक्तिनगर से आगे कैंची मोड के साथ एक गाड़ी खड़ी है, जिसमें एक युवक और युवती बैठे हैं। पुलिस टीम ने मौके पर पाया कि लिंक रोड जोगनवाली नाहन में उत्तर प्रदेश नंबर की गाड़ी सड़क किनारे नाली में एक तरफ धंसी हुई थी। चालक सीट पर एक व्यक्ति बैठा था, जिसने अपना नाम सैफ क्वेजिलबाश निवासी वीटीसी, ग्रेटर नोएडा, जिला गौतम बुद्ध नगर, उत्तर प्रदेश बताया।
एक साल देहरादून रही...दिल्ली जा रही थी
व्यक्ति के साथ वाली सीट पर एक महिला बैठी थी। महिला ने पूछने पर स्वयं को उज्बेकिस्तान निवासी बताया। पुलिस ने जब दस्तावेज मांगे तो महिला के पास भारत का वीजा व वैध पासपोर्ट नहीं पाया गया। महिला के खिलाफ पुलिस थाना नाहन में धारा 14 फॉर्नर एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। यह महिला 2022 में टूरिस्ट वीजा पर नेपाल आई थी। बताया जा रहा है कि वह एक साल देहरादून में भी रही। दिल्ली में भी रह चुकी है। महिला व्यक्ति के साथ दिल्ली की तरफ जा रही थी, लेकिन 22 जनवरी की रात को उसे सिरमौर पुलिस ने पकड़ लिया।