संघ लोक सेवा आयोग ने सिविल सेवा परीक्षा 2024 का अंतिम परिणाम (UPSC Final Result) जारी कर दिया है। हिमाचल प्रद्रेश के बिलासपुर जिले के झंडूता निवासी 23 साल के वैभव सिंह ने देश की सबसे प्रतिष्ठित और कठिन परीक्षा यूपीएससी पहले ही प्रयास में पास की है। उन्होंने परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 82 प्राप्त किया है। वैभव के माता-पिता दोनों शिक्षा विभाग में कार्यरत हैं। उनके पिता, वीरेंद्र सिंह पनोह स्कूल में प्रधानाचार्य और माता मोनिका गवर्नमेंट कॉलेज बिलासपुर में फिजिक्स की प्रोफेसर हैं। वैभव ने प्रारंभिक शिक्षा रोहड़ू में प्राप्त की और शिमला पब्लिक स्कूल से दसवीं और डीएवी न्यू शिमला से 12वीं की। इसके बाद, उन्होंने दिल्ली विवि से पॉलिटिकल साइंस में ऑनर्स में ग्रेजुएशन की। वैभव की सफलता से क्षेत्र में न केवल उनकी मेहनत का सम्मान हुआ है, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बन गई है।