बारिश के बीच खोदाई करने से भूस्खलन का खतरा
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। कार्ट रोड के लिए हुई कटिंग के बाद लोअर बाजार सब्जी मंडी सड़क पर बारिश के दौरान लगातार हो रहे भूस्खलन के चलते इसके जल्द खुलने की संभावना नहीं है।
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने मंगलवार को हुए भारी भूस्खलन के बाद सब्जी मंडी से आने वाले बारिश के पानी की निकासी के लिए सड़क में नाली बनाने का कार्य किया। पहाड़ी से गिर रहे मलबे के क्रम को रोकने के लिए विभाग फिलहाल जल निकासी पर ध्यान केंद्रित कर रहा है। सब्जी मंडी सड़क को ऊपर की ओर खोलने में भी जोखिम बना हुआ है। इसे देखते हुए सड़क के जल्द बहाल होने की संभावना कम है। सड़क के ऊपर की ओर हालांकि पुराने भवनों को गिराने का कार्य जारी है, लेकिन विभाग यहां मशीनें लगाकर जोखिम नहीं लेना चाहता। इन दिनों हो रही भारी बारिश के बीच सड़क खोलने के लिए कटिंग करने का कार्य करने से स्थिति और बिगड़ सकती है।
विज्ञापन
मंगलवार को हुए भूस्खलन के बाद लोक निर्माण विभाग ने कार्ट रोड पर दो जेसीबी मशीनें, एक रोबोट और दो टिप्पर लगाकर पहाड़ी से गिरे पत्थर और मलबे को हटाकर सड़क को पूरी तरह खाली करने का कार्य किया। इसके बाद वाहनों की आवाजाही को सुरक्षित बनाने के लिए लोहे से बनाई गई रोक लगाने का कार्य किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता प्रदीप बाली ने कहा कि सुबह करीब पौने दस बजे हुए भूस्खलन के बाद छोटे वाहनों की आवाजाही कुछ ही देर में शुरू कर दी थी। बसों को करीब एक घंटे के लिए रोका था। लगभग 11 बजे सड़क को बसों के लिए भी बहाल कर दिया था। उन्होंने कहा कि विभाग पहाड़ी पर शॉटक्रीटिंग का कार्य जल्द पूरा करने का प्रयास कर रहा है, ताकि कार्ट रोड से गुजरने वाले वाहनों और पैदल चलने वाले लोगों का सफर सुरक्षित हो सके।
सड़क के 15 फुट हिस्से के गिरने का खतरा
ढह चुकी सब्जी मंडी सड़क के बाद ताजा बारिश और भूस्खलन के चलते आसपास की सड़क के करीब 15 फुट हिस्से के गिरने का खतरा बना हुआ है। इसे देखते हुए विभाग और प्रशासन ने सब्जी मंडी सड़क के दोनों ओर गृह रक्षक जवान तैनात कर आवाजाही पर रोक लगा दी है।