केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी कुल्लू पहुंचे।
- फोटो : संवाद
हिमाचल में भारी बारिश से हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी मंगलवार सुबह कुल्लू पहुंचे। भुंतर हवाई अड्डे में नितिन गडकरी के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। भुंतर पहुंचते ही उन्होंने वाया बजौरा किरतपुर-मनाली फोरलेन को बाढ़ से हुए नुकसान का जगह-जगह गाड़ी से उतरकर जायजा लिया और प्रभावित लोगों से बात की। उन्होंने पारला भुंतर, कुल्लू, रायसन, दोहलुनाला, पतलीकुहल, 16 मील, 17 मील, कलाथ और आलू ग्राउंड मनाली में सड़क मार्ग से ही नुकसान का जायजा लिया।
हवाई मार्ग से किया मंडी के टूटे पुलों का निरीक्षण
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार को हवाई मार्ग से ही बाढ़ के कारण टूटे मंडी जिले के पुलों का निरीक्षण किया। उन्होंने औट पुल, पंडोह पुल, प्राचीन पंचवक्त्र मंदिर के पास लोहे का पुल, कोटली को मंडी से जोड़ने वाले कून का तर पुल का निरीक्षण किया। उन्होंने एनएचएआई के अधिकारियों से पूछा कि फोरलेन की सुरंगों को कोई नुकसान तो नहीं हुआ है। इस पर अधिकारियों ने उन्हें टनलों के अलावा टूटे हुए पुलों व अन्य नुकसान के बारे में जानकारी दी।
इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के अलावा लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह व नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर भी मौजूद रहे। हेलिकाप्टर में विक्रमादित्य ने केंद्रीय मंत्री, मुख्यमंत्री व अन्य के साथ सेल्फी भी ली। बताया जा रहा है कि फोरलेन का निरीक्षण करने के बाद नितिन गडकरी ने नग्गर के बड़ागढ़ रिजॉर्ट में एनएचएआई के साथ बैठक की। इसके बाद गडकरी वापस दिल्ली लौट गए। बता दें, बीते दिनों में भारी बारिश, बाढ़ व बादल फटने से सबसे अधिक फोरलेन को नुकसान कुल्लू और मनाली में हुआ है। यहां पर कई स्थानों पर तो फोरलेन का नामोनिशान तक मिट गया है। बारिश और बाढ़ से कारण एनएचआई को भारी नुकसान हुआ है। इसी तरह कालका-शिमला फोरलेन को भी काफी नुकसान पहुंचा है।