केंद्रीय खाद्य विधायन उद्योग मंत्रालय की अंतर मंत्रालय अनुमोदन समिति ने कांगड़ा जिले के सालू गांव में कृषि संसाधन क्लस्टर की स्थापना के लिए मंजूरी दी है। जिला कांगड़ा और आसपास के गांवों के बागवानों और किसानों को इसका लाभ मिलेगा।
उद्योग के स्थापित होने से जिले के उन बागवानों और किसानों को राहत मिलेगी, जिनकी नकदी फसल बाजार में नहीं बिक पाती है। उद्योग विभाग के प्रवक्ता ने कहा कि 24.49 करोड़ रुपये के निवेश का यह कलस्टर 10 एकड़ से अधिक की भूमि में स्थापित किया जाएगा।
कलस्टर स्थापित होने से यहां सैकड़ों लोगों को रोजगार मिलेगा। बहु-वस्तु शीत भंडारण, गोदाम, दुग्ध शीतल और पाश्चरीकृत, छंटाई, ग्रेडिंग और पैकिंग की सुविधाएं भी होंगी। यह कलस्टर किन्नू, लीची, आम, मटर, आलू जैसे स्थानीय अविक्रय सरप्लस बागवानी उत्पादों के दोहन में मील का पत्थर साबित होगा।