रेलवे स्टेशन ऊना से हरिद्वार को आवागमन करने वाली एमईएमयू ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों के लिए खबर है। आगामी 3 जुलाई तक इस ट्रेन में अंबाला से आगे रुड़की, सहारनपुर सहित हरिद्वार तक का सफर करने की सुविधा नहीं मिलेगी। इस संबंध में रेलवे बोर्ड अंबाला की ओर से सूचना जारी की गई है। ट्रेन को आंशिक रूप से अंबाला और हरिद्वार के बीच रद्द किया गया है। हालांकि ट्रेन रोजाना की तरह ऊना से अंबाला तक आवागमन करेगी, लेकिन अंबाला पहुंचकर ट्रेन के पहिये थम जाएंगे।
रेलवे बोर्ड के अधिकारियों की मानें तो रेलवे के रुड़की-देवबंध सेक्शन में प्री नॉन इंटरलॉकिंग का कार्य किया जाना प्रस्तावित है, इसलिए यहां से गुजरने वाली कई प्रमुख ट्रेनों को रद्द करने सहित रूट में बदलाव किया गया है। ऊना से हरिद्वार को जाने वाली एमईएमयू ट्रेन भी बाधित रहेगी। रेलवे बोर्ड ने इस ट्रेन को तीन जुलाई तक आंशिक रूप से रद्द किया है। बता दें कि ऊना हिमाचल-हरिद्वार एमईएमयू ट्रेन प्रतिदिन दोपहर 2:10 बजे ऊना से चलती है, जो शाम 5:40 बजे अंबाला कैंट, 7:20 बजे सहारनपुर और रात 9 बजे हरिद्वार पहुंचती है। पूर्व केंद्रीय मंत्री सांसद अनुराग ठाकुर ने गत मार्च में ऊना से हरिद्वार तक विस्तार की गई ट्रेन को हरी झंडी देकर रवाना किया था। वर्तमान में तीन जुलाई तक इस ट्रेन से हरिद्वार तक यात्रा यात्री नहीं कर पाएंगे। ट्रेन के आगामी दिनों में चलने के संबंध में भी रेलवे बोर्ड अंबाला फिर से सूचना जारी करेगा।