कोरोना वैक्सीन लगवाने वाले लोगों को एफडी पर अधिक ब्याज दिया जाएगा। लोगों को जागरूक करने के लिए यूको बैंक नया आफर लेकर आया है। बैंक के एमडी और सीईओ अतुल कुमार गोयल ने ऑनलाइन प्रेस वार्ता कर बताया कि बैंक ने यूकोवैक्सी 999 नाम से नई योजना शुरू की है। उन्होंने बताया कि यह ऑफर सीमित अवधि के लिए है। यूको बैंक कोविड-19 की एक डोज लगवाने वालों को 999 दिनों की फिक्स डिपॉजिट पर 0.30 फ़ीसदी ज्यादा ब्याज ऑफर कर रहा है।
बैंक प्रबंधन के अनुसार कोरोना वैक्सीनेशन के लिए आम लोगों को जागरूक करने के लिए यह ऑफर दिया गया है। इसका फायदा 30 सितंबर तक उठाया जा सकता है। यूको बैंक के एमडी ने बताया कि कोविड-19 की दूसरी लहर से लड़ने के प्रयास को सहयोग प्रदान करने के लिए बैंक ने कई पहल की हैं। आरबीआई के दिशा निर्देशानुसार 5 मई के अनुसरण में राहत प्रदान करने के उद्देश्य से कोविड-19 की दूसरी लहर से हुए प्रभाव का पता लगाने के लिए उधारकर्ताओं से संपर्क किया जा रहा है। समाधान फ्रेमवर्क 2.0 व्यक्तिगत और छोटे कारोबारियों के लिए उपलब्ध है।
बैंक ने 7 जून तक समाधान फ्रेमवर्क 2.0 के तहत 2314 खातों को कुल 127 करोड़ रुपये की राहत प्रदान की है। बैंक ने ऋण उत्पाद के लिए भी नई योजनाएं शुरू की है। यूको संजीवनी योजना के तहत ऑक्सीजन, तरल ऑक्सीजन, ऑक्सीजन सिलिंडर के उत्पादन के लिए संयंत्र स्थापित करने के लिए 7.50 फीसदी की रियायती ब्याज दर पर दो करोड़ तक के ऋण दिए जाएंगे। दूसरी योजना में यूको आरोग्यम के तहत अस्पताल के निर्माण के लिए 100 करोड़ तक का ऋण दिया जाएगा। तीसरी योजना यूको कवच के तहत जो व्यक्ति कोविड संक्रमित हुए हैं, उन्हें अधिकतम पांच लाख रुपये तक का ऋण दिया जाएगा।