शिमला से चिड़गांव जा रही थी निजी बस
अनियंत्रित होकर नाली में रुकी, बस में सवार थे 25 यात्री
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। छराबड़ा के पास एक चलती निजी बस का टायर खुल गया। इससे अनियंत्रित होकर बस पहाड़ी की ओर बनी निकासी नाली में जाकर रुकी।
बताया जा रहा है कि हादसे के समय बस में करीब 25 सवारियां सवार थीं। गनीमत रही कि इस हादसे में बस में सवार सभी सवारियां पूरी तरह से सुरक्षित हैं और किसी को गंभीर चोटें नहीं आई हैं। मामला वीरवार दोपहर का बताया जा रहा है जब बस शिमला से चिड़गांव रूट पर जा रही थी। इस दौरान जब बस छराबड़ी के पास पहुंची तो अचानक बस का टायर खुल गया। इस वजह से बस अनियंत्रित होकर पहाड़ी की ओर जाकर निकासी नाली में जाकर रुकी। अचानक हुई इस घटना से सवारियां बुरी तरह से सहम गईं लेकिन चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा होने से टल गया। हादसे को लेकर किसी की ओर से पुलिस में शिकायत नहीं दी है, जिस वजह से पुलिस ने इस संबंध में किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई नहीं की है। एसएसपी गौरव सिंह ने बताया कि हादसे में किसी को भी गंभीर चोटें आने की सूचना नहीं मिली है और सभी सवारियां सुरक्षित हैं।