हिमाचल के ऊना के निकटवर्ती त्यूड़ी गांव में दो बाइकों की टक्कर में सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान शशि पाल 52 पुत्र गुलजारी गांव लोअर बसाल जिला ऊना और अरुण शर्मा 32 पुत्र गोपाल शर्मा गांव जोह तहसील अंब जिला ऊना के रूप में हुई है।
इसके अलावा बाइक में पीछे बैठी शशि पाल की पत्नी गुरप्यारी 50 गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल को उपचार के लिए ऊना अस्पताल लगाया गया। चिकित्सकों ने नाजुक हालत देखते हुए उसे पीजीआई रेफर कर दिया है।
हादसा इतना भयानक था कि बाइकों के परखच्चे उड़ गए। हादसे के दौरान घटना स्थल पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। जानकारी के अनुसार शशिपाल और उसकी पत्नी बाइक पर सवार होकर किसी काम से जा रहे थे।
त्यूड़ी में उनकी बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई। इससे दोनों बाइक चालकों की मौके पर ही मौत हो गई। एएसपी विनोद धीमान का कहना है कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दो शवों को पोस्टमार्टम के लिए ऊना अस्पताल भेज दिया है।
घायल बाइक चालक शशि पाल की पत्नी गुरप्यारी को ऊना अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद नाजुक हालत में पीजीआई चंडीगढ़ के लिए रेफर कर दिया है।